75 हजार नियुक्तियां : आज 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटेगी सरकार... 10 लाख लोगों की भर्ती के लिए रोजगार मेला का होगा शुभारंभ

नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नियुक्ति अभियान को लांच करने के साथ ही देश भर में 50 केंद्रीय मंत्री करीब 75 हजार लोगों को नियुक्ति पत्र देंगे। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि रोजगार मेला के तहत विभिन्न प्रकार के लोगों को सरकारी नौकरियां मिलेंगीं। विभिन्न सरकारी नौकरियों के लिए चयनित लोगों में से कुछ को शनिवार को ही नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे। जो लोग आयोजन स्थल पर उपस्थित नहीं होंगें, उन्हें डाक या ई-मेल के जरिये भी नियुक्ति पत्र भेजे जाने की व्यवस्था की गई है।

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को वीडियो-कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 10 लाख लोगों की भर्ती के लिए एक अभियान ‘रोजगार मेला’ का शुभारंभ करेंगे और इस अभियान के दौरान 75000 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. इस साल जून में, प्रधानमंत्री मोदी ने विभिन्न सरकारी विभागों और मंत्रालयों को अगले डेढ़ साल में “मिशन मोड” पर 10 लाख लोगों की भर्ती करने के लिए कहा था. देशभर से चुने गए नये लोग भारत सरकार के 38 मंत्रालयों या विभागों में शामिल होंगे. नियुक्त व्यक्ति समूह ए और बी (राजपत्रित), समूह बी (अराजपत्रित) और समूह सी में विभिन्न स्तरों पर सरकार में शामिल होंगे.

शनिवार के कार्यक्रम की सूची के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नियुक्ति पत्र सौंपने के लिए जयपुर में होंगे, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल में और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर चंडीगढ़ में होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार शनिवार को इंदौर में, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल मुंबई में, बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल गुवाहाटी में, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भुवनेश्वर में, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी पटियाला में और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण चेन्नई में होंगी।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles
Next Story