Abua Avas Yojana: 2 लाख रुपये की सहायत देगी सरकार, जानिये क्या है हेमंत सरकार की अबुआ आवास योजना, जानिये किस तरह से पूरा होगा आपके घर का सपना

रांची। झारखंड में अबु आवास योजना की शुरुआत हो गयी है। खूंटी के तोरपा में आवास योजना की शुरुआत की गयी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर है जब झारखण्ड सरकार अपने दम पर, अपने राज्य के लोगों को सम्मानजनक जिंदगी जीने के लिए आवास देने जा रही है। खूंटी और सिमडेगा से कुल 75 हजार लाभुकों को अबुआ आवास योजना का लाभ मिलेगा। पहले चरण में आज खूंटी और सिमडेगा के अबुआ आवास योजना के 8 हजार लाभुकों को आवास हेतु स्वीकृति पत्र वितरण कर उनके खातों में सहायता राशि हस्तांतरित की जा रही है।

राज्य के हर व्यक्ति को अधिकार देगी हेमंत सरकार
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि झारखण्ड राज्य का हर एक कोना मैंने अपनी आंखों से देखा है। अपने राज्यवासियों की स्थिति और समस्याओं के बारे में मुझे जानकारी है। वैसे तो लोग इस राज्य को सोने की चिड़िया कहते हैं क्योंकि इस राज्य में अनेक प्रकार के खनिज संपदा हैं। उन लोगों को हमारे जमीन में छिपी हुई खनिज संपदा तो दिखाई देती है मगर उन्हें कभी भी यहां के गरीब गुरुबा लोग नहीं दिखाई देते। हमारे पूर्वजों और आदरणीय दिशोम गुरुजी के संघर्ष के बाद हमें यह राज्य मिला। हमें अपना राज्य तो मिला मगर 20 वर्षों तक यहां उन लोगों ने राज किया जो इस राज्य को अलग करने के घोर विरोधी थे। जो घोर विरोधी थे वो कैसे राज्य का भला सोच सकते थे? इसलिए 2019 में पूरी ताकत और आपके आशीर्वाद के साथ हमने सरकार बनायी और लोगों को हक़-अधिकार देना शुरू किया।

हेमंत सरकार अपने स्तर से करेगी योजना का संचालन
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व में हमने लगभग 8 लाख लोगों को आवास देने हेतु चिन्हित किया था। पूर्व में जो आवास बनता था उसमें कुछ पैसा केंद्र और कुछ राज्य सरकार से मिलता था। हम जब 8 लाख लोगों की सूची लेकर केंद्र सरकार के पास गए तो बोला गया कि राज्य में 8 लाख नहीं 4 लाख गरीब हैं। हमने 4 लाख गरीबों को आवास देने के लिए ही कम से कम मदद देने की बात कही, मगर उसमें भी केंद्र सरकार से कोई मदद नहीं मिल पायी। आज देश का ज्यादातर राजस्व केंद्र सरकार के पास रहता है। राज्यों के पास पर्याप्त राजस्व नहीं रहेगा तो वो कैसे लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दे पायेंगे? हम लोगों के सामने कई चुनौतियों आयीं पर हमने हार नहीं मानी। हम एक-एक कर समस्याओं का निदान करते जा रहे हैं। जो वादा किया है उसे पूरा करते जा रहे हैं।

2 लाख रुपये की सरकार देगी सहायता

हेमंत सोरेन ने कहा कि सबसे पहले हमने कानून बनाया कि जो भी जरूरतमंद होगा उसे सर्वजन पेंशन योजना का लाभ मिलेगा। आज लाखों जरूरतमंद लोगों को समय पर पेंशन की राशि मिल रही है। गांव-देहात में गरीबी के कारण पहले ही लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए अब हम एससी, एसटी और सभी वर्ग की महिलाओं के लिए वृद्धा पेंशन की उम्र भी 50 वर्ष करने जा रहे हैं। इसके साथ-साथ हम राज्य के लाखों जरूरतमंद लोगों को अबुआ आवास योजना का लाभ दे रहे हैं। हम लोगों ने निर्णय लिया है कि राज्य सरकार अपने पैसों से आवास बनवाएगी। और बेहतर तथा सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आपको अबुआ आवास दिया जाएगा। पहले जो पीएम आवास मिलता था वह दो कमरे का आवास होता था जिसमें सिर्फ 1 लाख 30 हजार रुपये मिलते थे। अबुआ आवास में हम आपको तीन कमरों का आवास के लिए 2 लाख रुपए की सहायता भी दे रहे हैं।

20 लाख लोगों को मिलेगा आवास

पहले हमारे पास जानकारी थी कि आठ लाख जरूरतमंद लोगों को आवास देना है। मगर जब हमने आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत शिविरों के जरिए आवेदन लेना शुरू किया तो यह संख्या 30 लाख तक पहुंच गयी। आवेदनों के सत्यापन करने के पश्चात हम राज्य के 20 लाख जरूरतमंद लोगों को अबुआ आवास देने जा रहे हैं। हमारे राज्य में कितने जरूरतमंद लोग थे जिन्हें आवास की आवश्यकता थी। आप लोगों के आशीर्वाद से यह झारखण्डी सरकार बनी है। आपसे किया हर वादा हम निभा रहे हैं। इसलिए हम सभी 20 लाख आवेदनों को आवास देने का काम करेंगें। साल 2027 तक सभी 20 लाख लोगों को अबुआ आवास मिलेगा।

दलालों के चक्कर में ना पड़ें

आप सभी से मेरा आग्रह है कि अबुआ आवास दिलाने के चक्कर में दलाल आपके आसपास घूमने का काम करेंगे मगर आप उनकी बातों में नहीं आइयेगा। आपके क्षेत्र में पंचायत भवन में क्रमानुसार सभी अबुआ आवास के लाभुकों की जानकारी लिखी जाएगी। आपको आपके अबुआ आवास के बारे में जानकारी मोबाइल मैसेज के माध्यम से भी दी जाएगी। कुल 75 हजार लोगों को खूंटी और सिमडेगा में अबुआ आवास का लाभ मिलना है और आज पहले चरण में यहां 8 हजार लोगों को अबुआ आवास हेतु सहायता राशि का लाभ दिया गया है।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles
Next Story