हवाई जहाज में सिगरेट पीती पकड़ी गई ऐश्वर्या राय, पुलिस ने भेजा जेल…

रांची । गुरुवार को मुंबई से रांची आ रहे इंडिगो के विमान के शौचालय में सिगरेट पीते हुए जमशेदपुर निवासी ऐश्वर्या राय नाम की महिला को एयरपोर्ट थाना पुलिस ने जेल भेज दिया है. विमान के रांची एयरपोर्ट पर लैंडिंग के उपरांत उक्त महिला को इंडिगो के कर्मियों के द्वारा एयरपोर्ट थाना रांची को सुपुर्द किया गया था. इंडिगो एयरलाइंस के प्रबंधक के आवेदन के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ एयरपोर्ट थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
जहाज में माचिस और सिगरेट के साथ पकड़ी गयी
जमशेदपुर निवासी आरोपी युवती मुंबई एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को धूल झोंक कर माचिस और सिगरेट के साथ जहाज में सफर कर रही थी. ऐश्वर्या को इंडिगो के कर्मचारियों ने उसे उस समय पकड़ा जब वह फ्लाइट के बाथरूम में सिगरेट पी रही थी. सिगरेट की गंध मिलने के बाद इंडिगो की महिला कर्मचारियों ने ऐश्वर्या की तलाशी ली तो उसके पास से सिगरेट और माचिस बरामद की गयी.
फ्लाइट के रांची एयरपोर्ट पर लैंड की तब इंडिगो कर्मियों ने सीआइएसफ को पूरे मामले की जानकारी दी. सीआइएसएफ ने फ्लाइट से ऐश्वर्या को पकड़ कर रांची के एयरपोर्ट थाने पुलिस को सौंप दिया. ऐश्वर्या खुद को ब्लॉगर बताती है. ऐश्वर्या ने दावा किया है कि उसने शाहरुख खान की फिल्म पठान को लेकर एक ब्लॉग लिखा था. उसी सिलसिले में वह शाहरुख खान से मिलने के लिए मुंबई गई थी.









