गजब हाल है ! आपरेशन के बाद महिला के पेट में छोड़ दी कैची, पेट में दर्द हुआ शुरू, तो दोबारा आपरेशन कर कैची निकाली, हालत गंभीर

भोपाल। डाक्टर भी ना कभी-कभी लापरवाही की इंतहा कर देते हैं। अब भोपाल का ही मामला देख लीजिये, जहां भोपाल केयर हॉस्पिटल में महिला की सर्जरी के दौरान डॉक्टर ने पेट में कैंची छोड़ दी। सर्जरी के करीब चार महीने बाद महिला के पेट में तेज दर्द हुआ तो उन्होंने जांच कराई। डॉक्टर ने एक्स-रे की सलाह दी। एक्स-रे रिपोर्ट में पता चला कि महिला के पेट में कैची है, तब मामले का खुलासा हुआ।

जानकारी के मुताबिक नौगांव छतरपुर निवासी अजीज फातिमा (55) के पेट में चार दिन पहले तेज दर्द हुआ। परिजन उनको डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। यहां एक्स-रे में पता चला कि पेट में कैंची है। परिजन ने भोपाल केयर हॉस्पिटल में संपर्क किया। यहां रविवार दोपहर दोबारा सर्जरी कर महिला के पेट से कैंची निकाली गई। महिला की हालत नाजुक है। दो घंटे की सर्जरी के बाद फातिमा को वेंटीलेटर पर रखा गया है। हालांकि, सर्जरी के बावजूद अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि वह कैंची नहीं है, छोटी सी आर्टरी होगी।

छतरपुर के नौगांव निवासी पीड़िता के बेटे अब्दुल जकी ने बताया कि उनकी मां अजीज फातिमा के पेट में ट्यूमर होने पर सात अप्रैल को भोपाल केयर अस्पताल में डा. अभिषेक शर्मा ने आपरेशन किया था। आपरेशन के दौरान पेट में कैंची छोड़ दी थी। इसी कारण उनकी मां के शरीर में संक्रमण फैलता गया। दूसरे अस्पताल इस आपरेशन के लिए तैयार नहीं थे। इसलिए वापस यहां पर आना पड़ा। अस्पताल प्रबंधन भी अपनी भूल को स्वीकार कर रहा है।

उधर, महिला की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। वे कोई प्रतिक्रिया नहीं दे पा रही हैं। इस मामले में शाहजहांनाबाद थाना में लिखित शिकायत की गई है। महिला के परिजन ने शाहजहांनाबाद थाने में इसकी लिखित शिकायत की है।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles
Next Story