झारखंड: कौन सच्चा...कौन झूठा.. भाजपा ने खोली इंडी गठबंधन के वादाखिलाफी की पोल, बाबूलाल मरांडी बोले, अब विकल्प मिल गया है...

By :  Aditya
Update: 2024-10-19 17:52 GMT

रांची। झारखंड में चुनाव का कारवां तेजी से बढ़ रहा है। भाजपा प्रत्याशियों के ऐलान के साथ ही अपने चुनाव प्रचार अभियान को तेज कर रही है। वो लगातार इंडी गठबंधन पर निशाना साध रही है।


भाजपा अपने बयानों में इन दिनों हरियाणा का भी खूब जिक्र कर रही है। जहां बीजेपी ने अप्रत्याशित रुप से जीत दर्ज की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भाजपा को सच्चा और इंडी गठबंधन को झूठा कहा है।


बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि देशभर में कांग्रेस पार्टी और INDI एलाइंस ने पिछले दो सालों में लगातार झूठे वादे किए हैं, लेकिन नतीजों में कहीं भी जीत दर्ज नहीं कर पाए।

हद तो तब हो गई जब कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले अपने अति आत्मविश्वास में डूबकर, बिना चुनाव परिणाम का इंतजार किए ही अपने नेताओं के लिए मंत्री पदों की घोषणाएं कर दीं। यह अति आत्मविश्वास जनता की समझदारी का अपमान था।


कांग्रेस पार्टी और उनके साथी राज्य दर राज्य बहनों और युवाओं से झूठे वादे कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी दावा करती है कि वे बहनों के खातों में पैसे भेजेंगे, युवाओं को रोजगार देंगे, और अन्य योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे, लेकिन सच्चाई यह है कि इनमें से एक भी वादा धरातल पर पूरा नहीं हुआ।

कांग्रेस और उनके साथी बस छलावे और धोखाधड़ी की राजनीति कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने सभी राज्यों में, चाहे वह मध्य प्रदेश हो, छत्तीसगढ़ हो, महाराष्ट्र हो या हरियाणा, निस्वार्थ रूप से काम किया है। BJP ने माताओं, बहनों, युवाओं, और आदिवासियों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त करने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।


उदाहरण के तौर पर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वादा किया था कि वे 25,000 युवाओं को रोजगार देंगे, और उन्होंने अपने इस वादे को पूरा कर दिखाया।

जनता अब समझ चुकी है कि कांग्रेस पार्टी झूठे वादों और बेईमान इरादों के साथ केवल सत्ता की भूखी है। दूसरी ओर, BJP एक ऐसी राष्ट्रवादी और विकासोन्मुख सरकार है, जो युवाओं, महिलाओं, आदिवासियों, दलितों, और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

BJP ने जनता को जो वादे किए हैं, उन्हें सच्चे दिल से पूरा किया है और आगे भी करती रहेगी। झारखंड में, जहां हेमंत सोरेन और कांग्रेस ने मिलकर आदिवासियों और महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है, BJP एक ऐसी सरकार लाएगी जो जनता के अधिकारों की रक्षा करेगी और प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। जनता को अब विकल्प मिल चुका है।

Tags:    

Similar News