3000 कॉलेज शिक्षकों की नियुक्ति जल्द... विधेयक पर मुहर के साथ ही नियुक्ति का रास्ता हुआ साफ...

रांची। झारखंड में कालेज शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। जल्द ही कालेजों में 3000 से ज्यादा पदों पर कालेज शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी। झारखंड के कालेजों में अब विश्वविद्यालय को यूनिट मानकर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही विश्वविद्यालय को ही यूनिट मानकर आरक्षण तय होगा।

दरअसल विधानसभा के मानसून सत्र में लाये गये झारखंड राज्य विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2022 में इसका प्रावधान किया गया था। जिसके बाद ये विधेयक राजभवन में स्वीकृति के लिए आया था। अब राज्यपाल रमेश बैस ने इसपर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसी के साथ यह संशोधन अधिसूचित होकर लागू हो गया है। अभी तक कालेज शिक्षकों की नियुक्ति में विषयवार आरक्षण रोस्टर का निर्माण किया जाता था तथा इसी के अनुरूप नियुक्ति होती थी। यह संशोधन यूजीसी के दिशा-निर्देश पर किया गया है।

संशोधित प्रविधान के अनुसार, कालेज शिक्षकों की नियुक्ति के लिए झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट), राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट), जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) तथा पीएचडी में से किसी एक में उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। कालेज शिक्षकों की नियुक्ति झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से की जाएगी। आयोग इसके लिए मेधा सूची तैयार करेगा, जो एक साल के लिए वैध होगी।

विधेयक के मुताबिक मेधा सूची में कुल रिक्तियों के दोगुना अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा। हालांकि, आयोग संबंधित विश्वविद्यालय को प्रत्येक पद के लिए एक नाम की ही अनुशंसा नियुक्ति के लिए करेगा। कालेज शिक्षकों की नियुक्ति के लिए झारखंड लोक सेवा आयोग अब प्रत्येक साल झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट) का आयोजन करेगा।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles
Next Story