धनबाद की रहने वाली है मंत्री बनने जा रही बेबी देवी, जब झामुमो कार्यकर्ता ही थे जगरनाथ महतो

बोकारो/रांची। जगरनाथ महतो के निधन के बाद चल रहा सस्पेंस सोमवार को खत्म हो जायेगा। दिवंगत जगरनाथ महतो की पत्नी हेमंत कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ लेगी। हेमंत सरकार में वह 11वीं मंत्री होंगी. वहीं कुर्मी (महतो) जाति से वो राज्य की पहली महिला मंत्री बनेंगी। झारखंड की राजनीति में बेबी देवी बिल्कुल आनजाना सा नाम है। हालांकि पति की मौत के बाद बेबी देवी ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता जरूर बढ़ाई, लेकिन फिर भी क्षेत्र में जगरनाथ महतो की पत्नी से ज्यादा की उनकी पहचान नहीं बन पायी।

अब जबकि बेबी देवी शपथ लेने जा रही है, तो हर कोई बेबी देवी के बारे में जानना चाहता है। बेबी देवी जगरनाथ महतो की पत्नी है। वो अपने परिवार के साथ डुमरी में ही रहती है। हालांकि बेबी देवी का मायके टुंडी विधानसभा क्षेत्र के गोमो स्थित जीतपुर में है। बेबी देवी की चार पुत्रियां हैं और एक पुत्र हैं। इनमें सबसे बड़ी पुत्री सुनीता देवी, रीना देवी, पूनम देवी व गीता देवी हैं।

चारों पुत्रियों की शादी हो चुकी है। पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू सबसे छोटे हैं। जो अभी अविवाहित हैं। दिवंगत मंत्री की पत्नी की पहचान हमेशा एक कुशल गृहिणी के रूप में रही है। पूर्व में कभी- कभार वह जगरनाथ महतो के साथ पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होती थीं। मंत्री के निधन के बाद पिछले ढाई महीने से अपने डुमरी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से अपने पुत्र अखिलेश महतो के साथ भाग ले रही है।

50 साल की बेबी देवी जीतपुर गांव की रहने वाली है
बेबी देवी की शादी जगरनाथ महतो से हुई, तब महतो झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता व उभरते हुए नेता थे। बाद में जगरनाथ महतो डुमरी विधानसभा सीट से जीतकर विधायक बने। हालांकि, बेबी राजनीति से दूर रहकर घर संभालती रहीं। पति की विरासत संभालने जा रही बेबी देवी का जन्म धनबाद के गोमो स्थित जीतपुर गांव के एक किसान परिवार में हुआ था। उनकी उम्र 50 साल है। बेबी के दो भाई और एक बहन हैं, वह सबसे छोटी हैं। अपनी चारों बेटियों सुनीता देवी, रानी देवी, पूनम देवी, गीता देवी को उच्च शिक्षा दिलाई। पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू भी वकालत की पढ़ाई कर रहा है।

बेबी देवी ने दी प्रतिक्रिया
बेबी देवी को मंत्री बनाये जाने की घोषणा को लेकर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. स्वर्गीय जगरनाथ महतो की पत्नी ने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन और सीएम हेमंत सोरेन का जो भी आदेश होगा वह उनका पालन करेंगी. साथ ही क्षेत्र की जनता की सेवा करेंगी और अपने पति के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए लगातार काम करेंगी। बेबी देवी ने कहा कि वो सरकार के साथ मिलकर अपने पति के सपने को पूरा करेंगी।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles
Next Story