नक्सल मामलों पर आज बड़ी बैठक, अमित शाह करेंगे झारखंड के मुख्यमंत्री सहित इन राज्यों के CM व गृहमंत्री से चर्चा, CM हेमंत सहित ये अधिकारी पहुंचे दिल्ली

रांची। केंद्रीय गृह मंत्री आज नक्सल मामलों की समीक्षा करेंगे। राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाली इस बैठक में झारखंड, बिहार, ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और केरल राज्यों के मुख्यमंत्रियों, गृह मंत्रियों या उनके प्रतिनिधि भाग लेंगे। दिल्ली के विज्ञान भवन में शुक्रवार को प्रस्तावित केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, गृह सचिव अविनाश कुमार व डीजीपी अजय कुमार सिंह दिल्ली रवाना हो गए हैं।

बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के शीर्ष अधिकारी, केंद्र और राज्य सरकारों के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। निश्चित अंतराल पर होने वाली इस बैठक का उद्देश्य वामपंथी उग्रवाद प्रभावित राज्यों के विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को पूरा करना है। बैठक में इंटर स्टेट कार्डिनेशन और इंटेलिजेंस इनपुट शेयरिंग को लेकर भी चर्चा होगी।
हालांकि झारखंड में नक्सलवाद का दायरा सिमटा है। कई क्षेत्रों से नक्सलियों को बाहर कर दिया गया है। लेकिन, अन्य जगहों में नक्सलियों से कैसे निपटा जाये, इसे लेकर राज्यों से बातचीत आज की बैठक में होगी। ग्रामीणों में सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए सुरक्षा बल लगातार ग्रामीणों के साथ संवाद बढ़ा रहे हैं। उनकी परेशानियों को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए संबंधित विभाग से समन्वय कर ग्रामीणों की समस्या का समाधान करवा रहे हैं।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles
Next Story