झारखंड: पीएम मोदी के आने से पहले भाजपा अपना कुनबा करेगी मजबूत, पूर्व डीएसपी, पूर्व विधायक को लेकर ये नेता होंगे भाजपा में शामिल

रांची। भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। कल प्रधानमंत्री मोदी झारखंड दौरे पर आ रहे हैं। उससे पहले भाजपा अपने कुनबे को मजबूत करने में जुटी है। भाजपा में कई पूर्व अधिकारी, विधायक शामिल होने वाले हैं। खबर है कि डीएसपी पद से इस्तीफा देकर राजनीतिक जमीन तलाशने वाले नवनीत हेम्ब्रम आज भाजपा जॉइन कर सकते हैं। नवनीत पहले से ही महेशपुर विधानसभा सीट से दावेदारी कर रहे हैं। लिहाजा माना जा रहा है कि भाजपा में शामिल होने पर भी वो उसी सीट से अपना दावा ठोंके। आपको बता दें कि पिछले दिनों ही उन्होंने DSP पद से इस्तीफा दिया था।

जानकारी के मुताबिक बागी तेवर दिखाने वाले गांडेय के पूर्व विधायक जय प्रकाश वर्मा भी आज बीजेपी जॉइन कर सकते हैं। वो पहले बीजेपी में ही थे, लेकिन बाद में वो भाजपा छोड़ JMM में शामिल हुए थे। अब फिर भाजपा में वापसी कर रहे हैं। JMM में रहते उन्होंने पार्टी से बगावत कर निर्दलीय लोकसभा का चुनाव लड़ा था। उसके बाद पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया था।

बरकट्ठा के विधायक अमित यादव कल रांची के भाजपा कार्यालय में बीजेपी की विधिवत सदस्यता लेंगे। अमित यादव भी पहले भाजपा में ही थे, लेकिन 2019 में उन्होंने बगावत कर ली। बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र में 2014 में झाविमो के टिकट पर जीत हासिल कर भाजपा में शामिल होने वाली विधायक जानकी यादव को भाजपा के बागी अमित यादव ने पटखनी दे दी थी। वो 24 हजार से अधिक मतों से उन्होंने जानकी यादव को हरा दिया था। वो एक बार फिर भाजपा में लौट रहे हैं।

Related Articles
Next Story