पूर्व मंत्री समरेश सिंह की हालत गंभीर.... बोकारो से रांची रेफर

बोकारो । पूर्व मंत्री व दिग्गज नेता समरेश सिंह की हालत गंभीर है। शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां स्थिति गंभीर देख उन्हें रांची मेदांता रेफर किया गया है। पूर्व मंत्री समरेश सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। 81 साल के समरेश सिंह को देखने के लिए बोकारो विधायक बिरंची नारायण समेत कई सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता बीजीएच पहुंचे । वो तीन बार भाजपा से विधायक रहे।

समरेश सिंह ने पहली बार 1977 में बाघमारा से निर्दलीय चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। बाद में समरेश भाजपा से 1985 व 1990 में बोकारो से विधायक निर्वाचित हुए। बाद में 1985 में वो इंदर सिंह नामधारी के साथ मिलकर भाजपा में बगावत कर 13 विधायकों के साथ संपूर्ण क्रांति दल का गठन किया। बाद में संपूर्ण क्रांति दल का विलय भाजपा में कर दिया गया। वर्ष 1995 में समरेश सिंह ने भाजपा का टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा और हार गए। इसके बाद वर्ष 2000 का चुनाव उन्होंने झारखंड वनांचल कांग्रेस के टिकट पर लड़ा। झारखंड बनने के बाद वे राज्य के प्रथम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री बनाए गए। फिर 2009 में झाविमो के टिकट पर वह विधायक बनकर विधानसभा में पहुंचे थे।

समरेश सिंह 5 बार विधायक रहे

  • 1977 में बाघमारा विधानसभा सीट से निर्दलीय जीते
  • 1985 में बोकारो से विधायक चुने गए।
  • 1990 में बोकारो से दोबारा विधायक बने।
  • 2000 में झारखंड वनांचल कांग्रेस पार्टी के टिकट पर बोकारो के विधायक बने।
  • 2009 में झाविमो के टिकट पर बोकारो से विधायक चुने गए।
  • 2014 में फिर निर्दलीय चुनाव लड़ा, लेकिन हार मिली।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles
Next Story