मुख्यमंत्री के काफिले की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, तीन लोग घायल, डीसी-एसपी ने पहुंचाया अस्पताल

CM CAR Accident : मुख्यमंत्री के काफिले की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे में तीन लोगों के घायल होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री कार्यक्रम के सिलसिले में जा रहे थे, उसी दौरान ये हादसा हुआ है। घटना मध्यप्रदेश के राजगढ़ की है, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के काफिले के वाहन से एक ऑटो टकरा गयी। घटना में ऑटो में सवार तीन लोग घायल हो गए। इनमें से एक बच्चे को कलेक्टर और एसपी सारंगपुर के अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसका इलाज जारी है।

दरअसल, रविवार को सीएम डॉ. मोहन यादव शाजापुर जाने के लिए भोपाल से कार से निकले थे। उनके काफिले में पीछे चल रहा एक वाहन राजगढ़ जिले के सारंगपुर में हाईवे पर एक ऑटो टकरा गया। जानकारी के मुताबिक ऑटो में ऑटो चालक आरिफ, उनकी पत्नी और दो बच्चे मौजूद थे। घटना में महिला और एक बच्चे को मामूली खरोच आई। जबकि आमीन पिता आरिफ उम्र 13 की कमर और पैर में चोट आई है।

बच्चे को प्रभारी कलेक्टर महिप किशोर तेजस्वी और एसपी आदित्य मिश्रा सारंगपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मामूली चोट आने की जानकारी दी। घटना के दौरान एसपी आदित्य मिश्रा और प्रभारी कलेक्टर भी CM काफिले का फॉलो कर रहे थे। घायलों की स्थिति अभी सामान्य बतायी जा रही है। वहीं काफिले की गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी है।

जनपद CEO प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घायल को 50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जा रही है। साथ ही ऑटो की मरम्मत भी कराई जाएगी। एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया है कि सीएम का काफिला सारंगपुर से पचौर की ओर जा रहा था। तब काफीले में चल रहे स्पेयर वाहन से ऑटो की टक्कर हुई है। ऑटो में खान साहब का परिवार था। जिन्हें हम अस्पताल लेकर आए हैं। वहीं मुख्यमंत्री ने भी हादसे की जानकारी ली है।

Related Articles
Next Story