"जब से शपथ लिया हूं, एक घंटे बाद से ही सरकार गिराने में लगे हैं" चंपाई के गढ़ में गरजे हेमंत सोरेन, बोले, मुझे भी दो सा तक खदेड़ा...और फिर

जमशेदपुर। हेमंत सोरेन ने आज कोल्हान में मंईयां सम्मान योजना की राशि का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी सरकार ने जितना काम किया है, उतना काम करने के बारे में डबल इंजन की सरकार कभी सोच भी नहीं सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा जहरीला बीज बोने का काम करती है। अपने संबोधन में हेमंत सोरेन ने कहा कि जब यहां के लोगों से काम नहीं चला, तो छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और आसाम से लोगों को लाकर लड़ाया जा रहा है।

उन्होंने शिवराज सिंह चौहान और हिमंता विस्वा सरमा का नाम लिये बगैर कहा कि यहां सांप्रदायिक तनाव और द्वेष फैलाने का काम चल रहा है। लोगों के बीच लड़ाई-झगड़े की आग लगाने का काम चल रहा है। कभी हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लड़ाओ, कभी छोटे-बड़े के नाम पर लड़ाओ। इन्हें हर अल्पसंख्यक घुसपैठिया लगता है, बांग्लादेशी लगता है। हेमंत सोरेन ने कहा कि कभी आदिवासियों को सम्मान नहीं किया। आज आदिवासियों की सम्मान बढ़ा है, आदिवासी महोत्सव का आयोजन हो रहा है।

हेमंत सोरेन ने कहा कि जब से उन्होंने शपथ लिया है, उसके एक घंटे के बाद से ही ये लोग सरकार गिराने में लगे हैं। हर दिन षड़यंत्र, नयी-नयी साजिश, धन बल का लालच देकर, ईडी-सीबीआई के डर दिखाकर नेता मंत्रियों को धमकी देकर सरकार गिराने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें भी दो साल तक खदेड़ा जाता रहा...फिर भी मन नहीं भरा तो जेल में डाल दिया है।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार का वादा बढ़ाते हुए कहा कि हमारी सरकार रांची हेडक्वार्टर से नहीं, गांव-गांव से चलेगा। हमारे अधिकारी आज गांवों में जा रहे हैं, जो पहले कभी नहीं जाया करते थे। हेमंत सोरेन ने दावा किया है कि झारखंड का कोई घर नहीं है, जहां सरकार की योजनाएं दस्तक नहीं दे रही है।

Related Articles
Next Story