झारखंड में जेलर सस्पेंड: बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल के जेलर सस्पेंड, जानिये क्यों गिरी सस्पेंशन की गाज

रांची। राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार के जेलर मो मुस्तकीम अंसारी को निलंबित कर दिया गया है। मुस्तकीम अंसारी के खिलाफ कई शिकायतें मिली थी, जिसके बाद गृह एवं कारा विभाग की तरफ से ये कार्रवाई की गयी है। जानकारी के मुताबिक कार्य में लापरवाही और बिना सूचना के गायब रहने की शिकायत के बाद आईजी सुदर्शन मंडल ने ये कार्रवाई की है।

इससे पहले मुस्तकीम अंसारी धनबाद के जेल में जेलर थे. जहां धनबाद जेल में गैंगस्टर अमन सिंह की हत्या के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। रांची के जेलर मो मुस्तकीम अंसारी विभाग को बिना कोई नोटिस दिए पंद्रह से बीस दिनों तक ड्यूटी से गायब थे। मुस्तकीम के निलंबन के बाद सहायक जेलर देवनाथ राम को जेलर का प्रभार सौंप दिया गया है। जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने बताया कि कर्तव्य से बगैर सूचना गायब रहने के आरोप में जेलर को निलंबित किया गया है।

कुछ महीने पहले ही निलंबन मुक्त होने के बाद उन्हें रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा के जेलर बनाया गया था। जेलर मुस्तकीम अंसारी के निलंबन को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही है. कुछ लोगों के द्वारा यह भी बात सामने आ रही है कि केंद्रीय एजेंसी के द्वारा जेल से जुड़ी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मांगे गए थे. उन्हीं साक्ष्यों को उपलब्ध कराने के कारण जेलर पर कार्रवाई हुई है। हालांकि विभाग की तरफ से इस पर किसी तरह कोई जानकारी नहीं मिल पायी है।

HPBL
HPBL  
Related Articles
Next Story