झारखंड: छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश में इसी स्कीम से भाजपा की बनी है सरकार, अब झारखंड में भी वही फार्मूला तैयार, चुनाव के पहले गोगो दीदी फार्म का ये है सीक्रेट

Jharkhand Vidhansabha Election: छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में महतारी वंदन योजना, तो मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में लाड़ली बहना योजना, 2023 में भाजपा की जीत के लिए तुरुप का इक्का साबित हुई थी। अब झारखंड में भी भाजपा उसी दांव का इस्तेमाल कर रही है।

जिस तरह से झारखंड में पिछले दो दिनों से गोगो दीदी योजना का फार्म वायरल हो रहा है, ठीक उसी तर्ज पर भाजपा ने छत्तीसगढ़ में भी 2023 के चुनाव के ठीक पहले महिलाओं के बीच महतारी वंदन योजना का भी फार्म बांटा था। भाजपा के इस दांव ने इतनी धूम मचायी, कि कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार को तमाम अनुकूल परिस्थिति के बावजूद करारी हार झेलनी पड़ी।

मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस दांव के बूते भाजपा ने जीत का जिस तरह से स्वाद चखा है, उसे देखते हुए भाजपा ने झारखंड में भी योजना लांच होने से पहले ही झारखंड की महिलाओं के लिए लिए गोगो दीदी योजना का सब्जबाग दिखाना शुरू कर दिया है। दरअसल झारखंड में भी महिलाएं जीत के लिए बड़ा फैक्टर है।


भाजपा को बखूबी पता है कि अगर महिलाओं को वो अपने खेमे में लाने में कामयाब हो गयी, तो फिर वो अपने परिवार के अपने वोटरो को भी समेट लेगी। बता दें कि हेमंत सोरेन सरकार राज्य की महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपए की सम्मान राशि दे रही है, जिसे मंइयां योजना का नाम दिया गया है। भाजपा ने गोगो दीदी के नाम से योजना चलाने का वादा किया है। गोगो संताली भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ मां होता है।

क्या है गोगो दीदी योजना

गोगो दीदी योजना के तहत राज्य में भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपए देने की बात कह रही है। अपने पंचप्रण में भाजपा इसे शामिल कर चुकी है। भाजपा ने इस योजना के बूते सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने की पूरी प्लानिंग कर रखी है। लिहाजा सभी जिलाध्यक्षों और विधानसभा प्रभारी को फार्म भराने को लेकर ट्रेनिंग भी दी गई। फार्म भराने का काम बूथ स्तर के कार्यकर्ता करेंगे।

मंडल और जिला स्तर से फार्म भराए जाने की प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। विधानसभा चुनाव का पहला चरण प्रारंभ होने से पहले भाजपा की योजना हर घर तक पहुंचकर फार्म भरा लेने की है। इस योजना के लिए भी न्यूनतम उम्र सीमा 18 वर्ष रखी गई है। इस अभियान के जरिए भाजपा राज्य की महिला मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

मंईया सम्मान योजना


हेमंत सरकार ने 18 से 20 वर्ष की महिलाओं को भी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जोड़ा है। इसके तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपये दिया जाता है। ये पैसा सीधे महिलाओं के खाते में आता है। 21 से 50 वर्ष की महिलाओं को योजना से जोड़ने का प्रविधान है। सरकार का मानना है कि इस योजना से महिलाओं को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने और अपने परिवार को बेहतर जीवन देने में मदद मिलेगी।

छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना


महतारी वंदन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की इन महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की मदद दी जा रही है। योजना की शुरुआत 5 फरवरी 2024 को पीएम मोदी की मौजूदगी में हुई थी। महतारी वंदना योजना के लिए पात्र होने के लिए आपको छत्तीसगढ़ का निवासी होना चाहिए. इस योजना का लाभ केवल छत्तीसगढ़ के निवासी महिला ही उठा सकती हैं.

साथ ही आवेदक महिला विवाहित होनी चाहिए. अविवाहित महिलाएं महतारी वंदना योजना 2024 के लिए पात्र नहीं हैं,केवल विवाहित महिलाएं को ही इसका लाभ मिल सकता है. इस योजना के लिए पात्र होने के लिए आवेदक की आयु 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए. इस योजना के पैसे आपको सीधे आपके बैंक खाते में स्थानांतरित किए जाते हैं, इसलिए आपके नाम बैंक में खाता होना आवश्यक है.


इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आपका बैंक खाता आधार से जुड़ा होना चाहिए. ये कुछ शर्ते हैं जिन्हें पूरा करके आप महतारी वंदन योजना का लाभ उठा सकते हैं.

मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना

शिवराज सिंह चौहान ने 2023 में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक निश्चित राशि दी जाती है। लाडली बहना योजना मध्य प्रदेश की महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए बनाई गई योजना है। इसकी शुरुआत 28 जनवरी 2023 को मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की थी।


महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना इस योजना का मुख्य मकसद है। योजना के तहत महिलाओं को राज्य सरकार की ओर से हर महीने 1000 रुपये दिए जाते थे, लेकिन रक्षाबंधन पर शिवराज सिंह चौहान ने इस राशि में 250 रुपए की बढ़ोतरी कर दी थी। अब इस योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं को हर महीने 1250 रुपए मिलते हैं। आंकड़ों के मुताबिक लाडली बहना योजना से करीब 4 लाख 77 हजार महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।

Aditya
Aditya  
Related Articles
Next Story