आंध्रप्रदेश और तेलंगाना में बाढ़ का कहर : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरिक्षण, सहायता राशि देने का किया ऐलान

हैदराबाद। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह दो दिवसीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के दौरे पर हैं। जहां शिवराज ने आज पहले आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित गन्नवरम विधानसभा क्षेत्र के केसारपल्ली का दौरा किया, वहीं तेलंगाना के मीनावलु, पेड्दागोपावरम, मन्नूनुर, कट्टलेरू बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की फसल क्षति का हवाई सर्वेक्षण कर खम्मम व मुननेरु बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर वहां के लोगों की समस्याए सुनी। साथ ही उन्होंने यह भी दिलासा दिलाया कि, जल्द से जल्द वे तात्कालिक सहायता देने का प्रयास करेंगे। किसी को भी निराश होने की कोई जरूरत नहीं है, हम मिलकर काम करेंगे और केन्द्र सरकार जनता को इस संकट से बाहर निकाल लेगी।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने फसल क्षति पर मुआवजा देने का किया एलान

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि, तेलंगाना के खम्मम जिले में किसानों से उनके नुकसान के संबंध में केंद्र सरकार से चर्चा की जाएगी। वहीं इस दौरान एक किसान बाढ़ में अपनी फसल नुकसान के बारे में बता रहा था, तभी कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उसे अपने पास बुलाया और गले लगाया, आंसू पौछें और हिम्मत देते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे भेजा है, वो आपका दुख समझते हैं, फसल खोई है, जिंदगी नहीं खोने देंगे। किसान परिवार से हूँ, अपने किसान भाई का दुख महसूस कर सकता हूँ। लेकिन ये दुख, ये आँसू नहीं रहेंगे, उचित मुआवजा मिलेगा।

किसान ने केन्द्रीय मंत्री से कहा कि, आपने मध्यप्रदेश में किसानों के लिए बहुत किया है, अब हमारा ख्याल रखिए। जिसके बाद शिवराज सिंह ने कहा कि, सबसे पहले फसल क्षति का आंकलन कर जल्द ही उचित मुआवजा दिलाएंगे। बैंकों से कहेंगे कि, संकट के समय किसानों से ऋण वसूली न करें। अगली फसल के लिए खाद बीज की कमी नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि, संकट अभूतपूर्व है, प्रधानमंत्री संवेदनशील व्यक्ति हैं, हम राज्य सरकार के साथ मिलकर किसानों का जीवन सामान्य करेंगे।

किसानो के फसल नष्ट होने का जताया दुःख

उन्होंने कहा कि, आज किसान भाईयों के खेतों को देखा और उनके नुकसान की जानकारी ली। किसानों की पूरी फसलें - केला, हल्दी और सब्जियां नष्ट हो गई हैं। इस इलाके में किसान व्यापक पैमाने पर हॉर्टिकल्चर करते हैं, और यहां लीज़ पर खेती करने वाले किसान भी हैं, लीज़ पर खेती करने पर किसानों को फसल का बड़ा हिस्सा या पैसा देना पड़ता है। उन्होंने अपनी लागत लगाई और फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है, लेकिन हम किसानों से ये कहने आए हैं कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर राज्य के मुख्यमंत्री पूरी संवेदना से काम कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने दिया आश्वासन, कहा - किसानो की समस्याओ का निकालेंगे समाधान

इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने चार प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि, पहली - प्रारंभिक रूप से किसानों की सहायता करना है। दूसरी - फसल बीमा योजना का फायदा मिले इसका इंतज़ाम करना है। तीसरी - लीज़ पर जमीन लेकर काम करने वाले किसानों के लिए व्यवस्था करना है, और चौथी - अगली फसल किसान कैसे ले पाए, ये मुद्दे हमारे सामने हैं, लेकिन इन मुद्दों पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में समाधान निकालेंगे।

राज्य की हालत देख मुख्यमंत्री भी परेशान

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बाढ़ के हालातों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बहुत ही संवेदनशील हैं, और राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि, चंद्रबाबू नायडू की आंखों में मैंने आंसू देखें हैं।

लेकिन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी सक्षमता और संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है और केन्द्र सरकार उन्हें भरपूर सहयोग करेगी। अभी एसडीआरएफ के 3 हजार 448 करोड़ रूपए, जिसमें केन्द्र का हिस्सा भी है, उससे तात्कालिक सहायता देने का काम किया जा रहा है। तात्कालिक सहायता के बाद अगली फसल के लिए किसान को कैसे खाद-बीज मिले उसके बारे में सरकार सोचेगी। किसानों की समस्याओं का समाधान करने के प्रयास लगातार जारी हैं।

Related Articles
Next Story