मौसम अपडेट : आठ राज्यों में मौसम विभाग का रेड अलर्ट जारी, असम में सात लोगों की गई जान, हिमाचल में नेशनल हाईवे बंद

नई दिल्ली। भारत में अब मॉनसून का दौर शुरू हो गया है, देश के कुछ राज्यों में भारी बारिश हो रही है, तो कुछ राज्यों में बारिश औसत से बिलकुल नीचे हैं। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में बीते शनिवार को भारी बारिश हुई। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं बीते शनिवार को हुई भारी बारिश से राजधानी के सड़कों और आवासीय इलाकों में पानी भर गया हैं, जिससे लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा रहा हैं। हालांकि, पिछले कई दिनों से बाढ़ की मार झेल रहे असम को अब जाकर कुछ राहत मिलते नजर आ रही हैं, और कई जिलों में बाढ़ का पानी कम होता दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही देश के दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में मॉनसन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। पूर्व से लेकर पश्चिम और उत्तर से लेकर दक्षिण तक देश के सभी क्षेत्रों में झमाझम बरसात हो रही है। वहीं देश की मायानगरी कहीं जाने वाली मुंबई और सुदूर दक्षिण के राज्य केरल में भी बारिश अपना कहर बरपा रही है।

मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

वहीं, मौसम विभाग ने आज रविवार को आठ राज्यों में भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत सभी राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों में अगले पांच दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से लेकर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, अरुणाचल, हिमालय क्षेत्र, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी वर्षा हुई। इस दौरान छत्तीसगढ़, गुजरात क्षेत्र, तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई हैं। वहीं, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले क्षेत्र, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई हैं। साथ ही दिल्ली- एनसीआर के कुछ इलाकों में मध्यम वर्षा दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग ने केरल के तीन जिलों कोचीकोड़, कन्नूर और कासरगोड़ में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया हैं।

असम में बाढ़ से अब तक 8.4 लाख पीड़ित

भारी बारिश के कारण असम में बाढ़ की स्थिति बनी हुई हैं, वहीं शासन प्रशासन द्वारा राहत कार्य किया जा रहा है। जिससे बाढ़ की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है, लेकिन अभी भी 20 जिलों में 8.4 लाख लोग पीड़ित हैं। पहले 30 जिलों में 24 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में थे। मिली जानकारी अनुसार, राज्य में बाढ़ जनित घटनाओं में करीबन सात और लोगों की जान चली गई है। इनमें से पांच लोगों की मौत गोलपाड़ा जिले में उफनती नदी में नाव पलटने से हुई। जिनको मिलाकर बाढ़ की वजह से राज्य में अब तक 90 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं बाढ़ प्रभावित जिलों में 316 राहत शिविरों और वितरण केंद्रों शासन द्वारा लगाया गया है, जिसमें 2.95 लाख से अधिक लोग शरण ले रहे हैं। साथ ही काजीरंगा नेशनल पार्क में बाढ़ के चलते 180 जंगली जानवरों की मौत हो चुकी है, जिनमें 10 गैंडे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

हिमाचल में 12 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जगह-जगह भूस्खलन हुआ और 12 सड़कों को यातायात के लिए बंद करना पड़ा। धर्मशाला, कांगड़ा, मनाली और शिमला समेत राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार की शाम से ही रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश होती रही। इस दौरान बैजनाथ में सबसे अधिक 32 एमएम वर्षा दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग द्वारा 16 और 17 जुलाई को राज्य के ज्यादातर भागों में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मायानगरी हुई पानी पानी, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

भारी बारिश के चलते मुंबई के अंधेरी पूर्व इलाके में शनिवार तड़के चाल का एक हिस्सा गिर गया। घर के अंदर 12 लोग सोए हुए थे, लेकिन गनीमत रही कि उनको जानमाल का नुकसान नहीं हुआ और सभी लोग सुरक्षित बच गए। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि, इस चाल का निर्माण 1960 में हुआ था। मुंबई में बीते 24 घंटे में 61.69 एमएम वर्षा हुई है। आईएमडी ने पहले ही भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की थी।

इन राज्यों में 17 जुलाई तक मूसलाधार बरसात, रेड अलर्ट जारी

आईएमडी ने अगले पांच दिन के दौरान उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इस दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिम राजस्थान में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 16 जुलाई तक कोंकण और गोवा के साथ ही महाराष्ट्र के मध्य घाट क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पूर्वोत्तर के सभी राज्यों और तटीय से लेकर आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, विहार, झारखंड और ओडिशा में भी कई जगहों पर हल्की से मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

Related Articles
Next Story