झारखंड सचिवालय घेराव : बीजेपी आज करेगी राजधानी में शक्ति प्रदर्शन… 3 लाख कार्यकर्ताओं के साथ सचिवालय घेराव का भाजपा ने किया दावा, कई इलाके में धारा 144 लागू

रांची। BJP आज राजधानी में शक्ति प्रदर्शन करेगी। -‘हेमंत हटाओ झारखंड बचाओ’ के नारे के साथ हजारों भाजपायी आज सड़क पर उतरेंगे और सचिवालय घेराव की कोशिश करेंगे। झारखंड सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए बीजेपी ने विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम तय किया है। भाजपा का दावा है कि राज्य भर से आए 3 लाख कार्यकर्ता सचिवालय घेराव कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। जानकारी के मुताबिक गोड्डा रांची इंटरसिटी, दुमका रांची इंटरसिटी, वनांचल एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस और पाटलिपुत्र एक्सप्रेस ट्रेन से संताल परगना के लोग मंगलवार सुबह रांची पहुंचने वाले हैं।

यह भी जानकारी है कि अलग-अलग ट्रेनों के अलावा बड़ी संख्या में लोग बस और छोटे-छोटे निजी वाहनों से भी रांची के कार्यक्रम में हिस्सेदारी लेने के लिए तैयार हैं।सचिवालय घेराव कार्यक्रम में आम जन भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को पार्टी के रांची स्थित प्रदेश कार्यालय से प्रचार वाहन रवाना किया गया। भाजपा के कार्यक्रम को देखते हुए और आम लोगों की बड़ी भागीदारी के मद्देनजर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है।

धुर्वा गोल चक्कर से लेकर प्रोजेक्ट भवन यानी सचिवालय तक जगह-जगह पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर स्मार्ट सिटी जाने वाले रास्तों में भी बैरिकेडिंग की गई है, ताकि घेराव करने वालों को सचिवालय तक जाने से रोका जा सके। घेराव के अह्वान को देखते हुए जिला प्रशासन ने रांची के धुर्वा क्षेत्र में धारा144 लागू कर दिया है।

बीजेपी के मुताबिक मंगलवार को सचिवालय घेराव कार्यक्रम में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भागीदारी भी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है बल्कि राज्य सरकार के निकम्मेपन से जनता ऊब चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि साढे 3 साल के कार्यकाल में वर्तमान राज्य सरकार ने झारखंड की जनता को सिर्फ छलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा राज्य सरकार तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है, जिसके कारण बहुसंख्यक समाज में आक्रोश देखा जा रहा है।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles
Next Story