उत्पाद सिपाही की एक और अभ्यर्थी की हुई मौत, भर्ती दौड़ पूरी करने के बाद बिगड़ी थी तबीयत, इलाज के दौरान गयी जान

साहिबगंज: एक सप्ताह बाद 10 सितंबर से फिर उत्पाद सिपाही भर्ती की दौड़ शुरू होगी। इधर अभ्यर्थियों के 10 किलोमीटर दौड़ने की शर्तों में संशोधन की मांग उठ रही है। हालांकि कैबिनेट में इस पर कोई निर्णय नहीं हुआ, लिहाजा ये पक्की बात है कि पुराने नियमों से ही भर्तियां होगी।

इधर, साहिबगंज से एक बड़ी खबर आ रही है। उत्पाद सिपाही की एक और अभ्यर्थी की मौत हो गयी है। साहिबगंज में उत्पाद सिपाही की बहाली में दौड़ने वाली टांगर की आरती केरकेट्टा की इलाज के दौरान मौत हो गयी।

जानकारी के मुताबिक दौड़ के बाद से ही आरती अस्पताल में भर्ती थी, इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी। 31 अगस्त को आरती केरकेट्टा ने जैप-9 कैंप के मैदान में भर्ती की दौड़ लगायी थी, जिसे आरती ने सफलता पूर्वक पूरा भी कर लिया था। लेकिन दौड़ पूरी करने के बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ गयी।

तबीयत बिगड़ने पर उसे साहिबगंज के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद परिजन उसे 2 सितंबर को बीजूपाड़ा लेकर आये। लेकिन वहां उसकी तबीयत फिर बिगड़ गयी, जिसके बाद तीन सितंबर को उसे मांडर के प्राइवेट हास्पीटल में ले जाया गया, जहां से उसे रांची मेदांता रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान आरती की मौत हो गयी। आरती की दो साल पहले ही शादी हुई थी।

Aditya
Aditya  
Related Articles
Next Story