भाजपा के परिवर्तन यात्रा का झामुमो देगी मंईया सम्मान यात्रा से जवाब, कल्पना सोरेन के हाथों में होगी यात्रा की कमान

रांची। झारखंड में भले ही चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन इलेक्शन पॉलिटिक्स चरम पर है। भाजपा जहां परिवर्तन यात्रा में बड़े पॉलटिकल स्टार को बुलाकर अपने पक्ष में माहौल बना रही है, तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस भी लगातार शासकीय योजना व कार्यक्रमों के जरिये गठबंधन सरकार का गुणगान करने में जुटी है। भाजपा को यकीन है कि परिवर्तन यात्रा के जरिये झारखंड की चुनावी फिजा को वो पूरी तरह से बदल देगी।

लिहाज, अब झामुमो भी भाजपा को यात्रा का जवाब यात्रा से ही देने की तैयारी में है। भाजपा के परिवर्तन यात्रा को टक्कर देने के लिए झामुमो प्रदेश भर में मंईया सम्मान यात्रा शुरू होगी। कार्यक्रम का शेड्यूल तो अभी तैयार नहीं हुआ है, लेकिन खबर है कि यात्रा की शुरुआत पलामू प्रमंडल से होगी। यात्रा की कमान कल्पना सोरेन संभालेगी। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यात्रा की शुरुआत करेंगे।

इस योजना में झामुमो की महिला नेत्रियों को अहम जिम्मेदारी जायेगी। वहीं झामुमो विधायकों को भी यात्रा को सफल बनाने का जिम्मा दिया जायेगा। शुक्रवाल को सोहराय भवन में हुई पलामू और कोल्हान प्रमंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक में इस यात्रा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है। बैठक में सांसद जोबा मांझी, मंत्री रामदास सोरेन, दीपक बिरुआ, विधायक सविता महतो आदि थे।

बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं और पार्टी के नेताओं को भाजपा के चाल, चेहरा और चरित्र से सावधान रहने की हिदायत दी। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि राज्य सरकार की योजनाओं को जनता के बीच ले जाने और पूरी ताकत के साथ पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि बैठक में पलामू और कोल्हान प्रमंडल के सदस्यों ने सकारात्मक सुझाव दिए हैं।

Aditya
Aditya  
Related Articles
Next Story