विकास पर राजनीति गरम: हेमंत सोरेन ने विकास की तस्वीर की सोशल मीडिया पर जारी, तो बाबूलाल बोले, झारखंड में विकास का पहिया रूका हुआ है...

रांची। झारखंड में विकास कितना हुआ? इसका जवाब तो चुनाव में जनता देगी, लेकिन झारखंड में सत्ता पक्ष और विपक्ष में विकास को लेकर खूब बयानबाजी हो रही है। भाजपा के राष्ट्रीय नेता भी विकास कार्यों के लिए गठबंधन सरकार को रोड़ा बता रहे हैं, तो वहीं प्रदेश भाजपा भी हेमंत सरकार पर विकास के नाम पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगा रही है।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर झारखंड के विकास की तस्वीर साझा की है। उन्होंने X हैंडल पर लिखा है कि.. राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में पिछले साढ़े चार सालों में हमने आधारभूत संरचना के ऊपर काफ़ी कार्य किया है। इंफ्रास्ट्रक्चर के ऊपर अभी और भी काफ़ी कार्य करने हैं जिन्हे हम द्रुत गति से बढ़ा रहे हैं। आज मेकन सिरमटोली ओवरब्रिज की तस्वीरों को देख मन अत्यंत प्रसन्न हुआ।

उन्होंने ओवरब्रिज, अंडर ब्रिज, बायपास की तस्वीर सोशल मीडिया पर जारी की है। उधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार को विकास के नाम पर कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने रविवार को डाल्टनगंज विधानसभा के भंडरिया में परिवर्तन सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने झामुमो गठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधा।

हेमंत सरकार पर आरोप लगाते हुए मरांडी ने कहा कि झामुमो कांग्रेस और राजद की सरकार में झारखंड के विकास का पहिया रुका हुआ है। जनता के हक़ अधिकार को खाने वाली, घपले घोटाले करने वाली हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकना है और झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में लोककल्याणकारी सरकार बनानी है।

इससे पहले अमित शाह से लेकर राजनाथ सिंह तक ने भी हेमंत सरकार को विकास के मुद्दे पर जमकर घेरा था। नरेंद्र मोदी ने भी जमशेदपुर की सभा से विकास कार्यों को अवरुद्ध करने का आरोप हेमंत सरकार पर लगाया था। राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि झारखंड में झामुमो, राजद और कांग्रेस रूपी तीन स्पीड ब्रेकर हैं.

इसे तोड़ने की जरूरत है. वे वोट सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए मांगने आए हैं. प्रदेश के विकास के लिए परिवर्तन जरूरी है।

Aditya
Aditya  
Related Articles
Next Story