झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले राजा पीटर की हुई घर वापसी, शिबू सोरेन को हराने वाले इस नेता ने JDU की ली सदस्यता

Raja Peetar In JDU:…आखिरकार वही हुआ, जिसकी अटकलें लग रही थी। विधानसभा चुनाव से पहले गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर की जदयू में घर वापसी हो गयी है। नयी दिल्ली के जदयू कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने राजा पीटर को जदयू में शामिल कराया। शिबू सोरेन को हराकर एक वक्त चर्चाओं में आये राजा पीटर तमाड़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं।

बाद में उन्हें उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री भी बनाया गया था। जनता दल (यूनाइटेड) में इससे पहले पूर्व मंत्री और जमशेदपुर पूर्वी से विधायक सरयू राय शामिल हुए हैं. इसके बाद आज सोमवार को राजा पीटर ने नयी दिल्ली में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। झारखंड के दिशोम गुरु, पूर्व सीएम और झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन को मुख्यमंत्री रहते राजा पीटर ने 2008 के तमाड़ विधानसभा उपचुनाव में हरा दिया था और सुर्खियां बटोरी थी।

करीब दो दशक से सियासत में सक्रिय राजा पीटर ने 2005 में बिरसा विकास समिति के बैनर तले विधानसभा का चुनाव लड़ा। 2009 में जदयू के टिकट पर तमाड़ से विधानसभा का चुनाव जीता था और मंत्री बने थे। हालांकि वो बाद में बागी बन गये और निर्दलीय चुनाव लड़े, लेकिन उन्हे सफलता नहीं मिली।

Related Articles
Next Story