झारखंड में बारिश का रेड अलर्ट : पूरे झारखंड में आज मूसलाधार बारिश की चेतावनी, स्कूल बंद, मुख्यमंत्री ने सतर्कता बरतने के दिये निर्देश

रांची। झारखंड में बारिश का आज रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में भीषण बारिश की चेतावनी दी गयी है।


झारखंड से सटे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर बने निम्न दबाव (लो प्रेशर ) के प्रभाव से कल से पश्चिम बंगाल और उससे सटे झारखंड के इलाकों में अच्छी वर्षा हुई है।

मौसम केंद्र, रांची के अनुसार यह निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में डीप डिप्रेशन में बदलकर और गंभीर हो जाएगा, इस सिस्टम का मूवमेंट पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर है। सिस्टम की वजह से आज पलामू प्रमंडल के जिलों जैसे पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, लोहरदगा, गुमला में अत्यंत भारी बारिश (एक्सट्रीम हैवी रेन) होने की संभावना है. इसे देखते हुए इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश के दौरान वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है। 3 से 7 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अभी कुछ दिनों तक राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश होगी। मौसम विभाग ने आज सुबह हजारीबाग, रांची, गुमला और लोहरदगा में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया।

सुबह से इन इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है। राज्य के उत्तरी भाग में आज अच्छी बारिश के आसार हैं। खूंटी , रांची , हजारीबाग और गुमला में मौसम विभाग ने पहले ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इन जिलों में आज अच्छी बारिश की संभावना है।

Aditya
Aditya  
Related Articles
Next Story