झारखंड दौरे के खर्च पर कांग्रेस ने उठाये सवाल, तो हिमंता बोले, राहुल गांधी या खड़गे जी, की सुरक्षा का खर्चा गांधी परिवार नहीं, सरकार उठा रही

रांची/नयी दिल्ली। झारखंड के चुनाव प्रभारी व असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो संदेश के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा। सीएम हिमंता ने कहा, 'मैं हैरान हूं, असम में कांग्रेस के लोग मुख्यमंत्री की सुरक्षा के खर्चे पर सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेसियों को शायद पता नहीं कि राहुल गांधी हों या खड़गे जी, उनकी सुरक्षा का खर्चा गांधी परिवार नहीं उठा रहा है, बल्कि सरकार उठा रही है। सुरक्षा पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।'

दरअसल झारखंड के प्रभारी के नाते हिमंता विस्वा सरमा ताबड़तोड़ झारखंड का दौरा कर रहे हैं। इसी पर कांग्रेस ने उन पर निशाना साधा है। लिहाजा हिमंता ने अपने अंदाज में कांग्रेस को जवाब दिया है। हिमंता ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि कल कांग्रेस पार्टी ने असम के मुख्यमंत्री की सुरक्षा पर हो रहे खर्चे को लेकर विवाद खड़ा करने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि असम के लोगों के पैसे पर सीएम हिमंता राजनीतिक यात्राएं कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस के लोगों से पूछना चाहता हूं कि मैं जब झारखंड, बिहार या यूपी जाता हूं तो इसका खर्चा कौन उठाता है। इसका खर्चा भारतीय जनता पार्टी उठाती है।

उन्होंने कहा कि सीएम को कैसे सुरक्षा मिलेगी और ये क्यों जरूरी है ये फैसला लेने का काम सरकार का है। हिमंता ने कहा कि ये सुरक्षा मेरे लिए नहीं है बल्कि ये सुरक्षा असम के मुख्यमंत्री के लिए है। मैं हमेशा के लिए इस पद पर नहीं हूं. उन्होंने कहा कि हमेशा से मेरे पास इतनी सुरक्षा नहीं थी। हिमंता ने इस मसले पर कांग्रेस से सवाल पूछा कि जब राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे थे तो उनकी सुरक्षा का खर्चा किसने वहन किया था, वो तो असम के मुख्यमंत्री भी नहीं थे, लेकिन तब भी असम सरकार ने इसकी जिम्मेदारी ली थी।

उन्होंने कहा कि अगर असम के लोग मुख्यमंत्री की सुरक्षा का वहन नहीं कर सकते तो फिर राहुल गांधी किस हक से यहां सुरक्षा ले रहे थे. लेकिन हमें पता है कि ये राज्य सरकार की जिम्मेदारी है. हमें सुरक्षा पर राजनीति की जरूरत नहीं है। हिमंता ने कहा कि अगली बार जब राहुल गांधी असम की यात्रा पर आएंगे तो हम उनकी सुरक्षा पर हुए खर्च की डिटेल्स राजीव भवन को भेज देंगे. उन्होंने कहा कि इतने निम्न स्तर की राजनीति नहीं की जानी चाहिए. सीएम हिमंता ने कहा कि मैं कांग्रेस के लोगों से अपील करना चाहता हूं कि असम में विधानसभा का चुनाव 2026 में है. हमें बहुत काम करना है. लेकिन इस तरह से सुरक्षा के मसले पर राजनीति बंद होनी चाहिए।


HPBL
HPBL  
Related Articles
Next Story