Mob Lynching In Jharkhand : रंग लगाने से किया मना तो हुड़दंगियों ने पीट पीटकर बुजुर्ग महिला की ली जान

गोड्डा : झारखंड के गोड्डा में होली के दिन हुड़दंगियों ने एक बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर जान ले ली। हत्या की घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। घटना गोड्डा जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र के अमौर नीमा गांव की है, जहां हुड़दंगियों ने एक बृद्ध की पीट-पीट कर जान ले ली.
दरअसल, होली की हर तरफ खुमारी थी, लोग एक दूसरे को जबरिया रंग गुलाल डाल रहे थे. साथ ही हुड़दंग भी कर रहे थे. इसी दौरान कुछ लोग मुरारी सिंह के घर पहुंच कर जोर जबर्दस्ती करने लगे. इसी क्रम में घर के लोगों के साथ 65 वर्षीय मां बुच्ची देवी भी पहुंच गई और हुड़दंगियों को जबरदस्ती नहीं करने को कहा. लेकिन हुड़दंगी मानने को तैयार नहीं थे. इसके बाद हुड़दंगी बृद्ध के साथ मारपीट करने लगे और नशे में धुत्त लोगों ने बृद्ध को पीट-पीटकर मार ही डाला. उन्हें होश तब आया जब उन्हें लगा कि बृद्ध की मौत हो गयी है. इसके बाद सभी लोग मौके से भाग खड़े हुए।
पीड़ित पक्ष की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच मामले की तफ्तीश में जुट गई है. बलबड्डा थाना प्रभारी गिरधर गोपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और मामले की जांच हो रही हैं. इधर घटना के बाद क्षेत्र में होली के दिन हुई हत्या से लोग सन्न हैं।








