MODI 3.0 : मोदी प्रधानमंत्री नियुक्त, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दही चीनी खिलाकर सौंपा नियुक्ति पत्र, 9 को शपथ ग्रहण समारोह

Modi 3.0: Modi appointed Prime Minister, President Draupadi Murmu handed over the appointment letter by feeding him curd and sugar, swearing in ceremony on 9th

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 75(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नरेंद्र मोदी को भारत का प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। यह निर्णय राष्ट्रपति ने विभिन्न समर्थन पत्रों के आधार पर लिया। विभिन्न समर्थन पत्रों के आधार पर राष्ट्रपति ने पाया कि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए, जो सबसे बड़ा चुनाव पूर्व गठबंधन भी है, बहुमत का समर्थन हासिल करने की स्थिति में है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) संसदीय दल के नेता नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत किया। रिपोर्ट के मुताबिक, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह रविवार की शाम सवा सात बजे होगा। मोदी ने शुक्रवार शाम को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति मुर्मू ने मोदी को मनोनयन पत्र सौंपा। साथ ही उन्होंने नरेंद्र मोदी को दही-चीनी भी खिलाया। इससे पहले, भाजपा नीत राजग के नेताओं ने मुर्मू से मुलाकात की थी और मोदी के लिए समर्थन पत्र सौंपा। मालूम हो कि मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुना गया है।

राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में मीडिया को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ने उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत किया है। मोदी ने कहा, 'राष्ट्रपति ने मुझे मनोनीत प्रधानमंत्री के रूप में काम करने के लिए कहा है और उन्होंने मुझे शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है।' मोदी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति को बताया कि 9 जून का दिन शपथग्रहण के लिए उचित रहेगा।' उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन रविवार को शपथग्रहण समारोह का विवरण तैयार करेगा और तब तक वह मंत्रिपरिषद की सूची राष्ट्रपति को सौंप देंगे।

पीएम मोदी ने कहा, 'यह 18वीं लोकसभा उन सपनों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जब देश 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष मनाएगा।' उन्होंने कहा कि यह 18वीं लोकसभा नई ऊर्जा, युवा ऊर्जा का सदन है। लोगों ने राजग सरकार को एक और मौका दिया है।

इससे पहले शुक्रवार को एनडीए के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को एक पत्र सौंपा, जिसमें कहा गया कि नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार दोपहर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मुलाकात की

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles
Next Story