आंध्र प्रदेश में बढ़ रहा बर्ड फ्लू का प्रकोप, पशुपालन मंत्री बोले- केंद्र ने राज्य में भेजीं टीमें

आंध्र प्रदेश में एच5एन1 बर्ड फ्लू वायरस का प्रकोप बढ़ रहा है। इसे लेकर आंध्र प्रदेश के पशुपालन मंत्री के अत्चन्नायडू ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश के तीन जिलों में स्थिति का आकलन करने के लिए टीमें भेजी हैं।
पिछले 45 दिन में राज्य में संक्रमण के चलते 5.4 लाख मुर्गियों की मौत हो चुकी है। इसके बाद पशुपालन विभाग ने अन्य पक्षियों को मारना शुरू कर दिया है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिबंधित जोन बना दिए हैं।
आंध्र प्रदेश के एलुरू जिले के बादामपुडी गांव में 2.2 लाख मुर्गियों की मौत हो गई। जबकि पश्चिम गोदावरी जिले के वेलपुरु में 2.5 लाख और पूर्वी गोदावरी के कन्नुरू अग्रहारम में 65 हजार और एनटीआर के गामपालागुडेम में सात हजार मुर्गियों की मौत हो गई। सचिवालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान अत्चन्नायडू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने भोपाल में वरिष्ठ वैज्ञानिकों और केंद्र सरकार के सचिव से बात की है। इसके बाद केंद्र सरकार के सचिव ने आंध्र प्रदेश के लिए टीमें भेजी हैं। केंद्र के एक वरिष्ठ अधिकारी 14 फरवरी को आंध्र प्रदेश का दौरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रभावित पोल्ट्री फार्म को जैव प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित करने के साथ ही रोकथाम के उपायों के लिए अधिकारियों को भी तैनात किया गया है। तीन प्रभावित पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों को मारने का काम पूरा हो चुका है। जबकि दो अन्य में आज काम कर लिया जाएगा। अधिकारी हर घंटे स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि उबले अंडे और पका हुआ चिकन खाने में कोई आपत्ति नहीं है। लोग बिना किसी डर के इनको खा सकते हैं। उन्होंने लोगों से बीमारी को लेकर अफवाह फैलाने से बचने के लिए भी कहा।
एच5एन1 जिसे बर्ड फ्लू या एवियन इन्फ्लूएंजा के नाम से भी जाना जाता है, सामान्यतौर पर इसके मनुष्यों में संक्रमण के मामलों को काफी दुर्लभ माना जाता रहा है। पिछले साल जून में भारत में एच5एन1 वायरस के मामले बढ़ने को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। केंद्र सरकार ने एवियन इन्फ्लूएंजा को लेकर एक एडवाइजरी जारी करते हुए चार राज्यों को विशेष सावधानी बरतते रहने की सलाह दी थी। प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश (नेल्लोर जिला), महाराष्ट्र (नागपुर जिला), झारखंड (रांची जिला) और केरल (अलपुझा, कोट्टायम और पथानामथिट्टा जिले) थे।
महाकुम्भ : अब सिर्फ नागा साधु ही नहीं, महाकुम्भ की व्यवस्थाओं का अध्ययन भी कर रहे विदेशी पर्यटक