आज रात PM मोदी पहुंचेंगे रांची: एयरपोर्ट पर राज्यपाल-CM करेंगे स्वागत, भगवान बिरसा की जन्मस्थली पर आने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं मोदी, जानिये क्या खास है इस बार का दौरा

रांची। PM मोदी का झारखंड दौरा आज से शुरू हो रहा है। आज शाम वो रांची आ रहे हैं, जिसके बाद वो 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के दिन खूंटी के उलिहातू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली जाएंगे। नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं जो भगवान बिरसा की जन्मस्थली उलिहातू जा रहे हैं। अभी तक की जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी विशेष विमान से रात्रि 9 बजे रांची पहुंचेंगे। झारखंड दौरे को लेकर चाक चौबंद इंतजाम है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली SPG की टीम दो दिन पहले ही रांची पहुंच चुकी है।

एयरपोर्ट पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनका स्वागत करेंगे। पीएम के स्वागत के लिए भाजपा के कुछ नेता भी एयरपोर्ट पहुंचने वाले हैं। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पीएम मोदी का काफिला सीधे राजभवन के लिए रवाना हो जाएगा। एयरपोर्ट से राजभवन के बीच चप्पे-चप्पे पर पुलिस और विशेष फोर्स को तैयार किया जा रहा है। 15 नवंबर को सुबह 9 बजे के बाद पीएम मोदी पुराना जेल चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा म्यूजियम जाएंगे और उसका अवलोकन करेंगे। यहां वह करीब 20 मिनट तक रहेंगे. इसके बाद सीधे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे। एयरपोर्ट पहुंचते ही हेलीकॉप्टर से भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी स्थित उलीहातू के लिए रवाना होंगे।

आज ही कार्यक्रम स्थल को SPG अपने घेरे में ले लेगी। एयरपोर्ट से राजभवन तक जाने वाली सड़क के डिवाडर का रंग रोगन किया जा रहा है।उनके स्वागत के लिए जगह-जगह बैनर और पोस्टर लगाए जा रहे हैं। साल 2019 के बाद यह दूसरा मौका होगा जब पीएम मोदी रांची के राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। इससे पहले वह 24 अप्रैल 2019 को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रांची आए थे। तब उन्होंने एयरपोर्ट से बिरसा चौक तक रोड शो और बिरसा चौक पर भगवान बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था।

झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि 15 नवंबर झारखंड के लिए बड़ा दिन है. धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन अपने आप में खास है. रांची के भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री 14 को ही देर शाम रांची पहुंचेंगे. वह 15 नवंबर को सुबह भगवान बिरसा मुंडा के पैतृक गांव उलिहातू जाएंगे. 15 नवंबर झारखंड वासियों के लिए गौरव का दिन है क्योंकि इस दिन इस राज्य का जन्मदिन है और जनजातीय राष्ट्रीय गौरव दिवस है।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles
Next Story