Police Vacancy: पुलिस भर्ती की उम्र सीमा में 3 साल की मिलेगी छूट, जानिये अब कितने उम्र तक अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

लखनऊ: पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने उम्र सीमा में 3 साल की छूट दे दी है। खुद मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर इसकी जानकारी साझा की है। सीएम योगी ने प्रदेश के प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद को इस संबंध में निर्देशित करते हुए कहा है कि इस साल की परीक्षा में अधिकतम आयु सीमा 22 वर्ष को बढ़ाकर 25 वर्ष किया जाए। भर्ती नोटिफिकेशन जारी होने के बाद से ही बड़ी संख्या में युवा आयु सीमा को बढ़ाने की मांग कर रहे थे।

आपको बता दें कि पिछले दिनों राज्य में 60 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की वैकेंसी निकली थी। अभ्यर्थी इस भर्ती में उम्र सीमा में छूट की डिमांड कर रहे थे। अब सीएम योगी ने युवाओं की मांग को जायज मानते हुए आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती के लिए जारी प्रक्रिया में सभी वर्गों के युवाओं के लिए उच्चतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट देने का निर्णय लिया है।भर्ती में आयु सीमा को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इसको लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव के बाद राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी ने आयु सीमा का मुद्दा उठाकर इसे तूल दे दिया था।

23 दिसंबर को प्रदेश के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए पुलिस कॉन्स्टेबल पद के लिए 60,244 पदों का नोटिफिकेशन जारी किया था। इसमें से अनारक्षित के लिए 24,102 पद, ईडब्ल्यूएस के लिए 6024 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 16,264 पद, अनुसूचित जाति के लिए 12,650 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 1204 पद आरक्षित हैं। नोटिफिकेशन में महिलाओं के लिए आरक्षण भी निर्धारित कर दिया गया है। नोटिफिकेशन में दिए गए क्षैतिज आरक्षण में दी गई जानकारी के तहत सम्पूर्ण पदों में से 20 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण दिया गया है।

HPBL Desk
HPBL Desk  

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति की हो, खेलकूद की हो, अपराध की हो, मनोरंजन की या फिर रोजगार की, उसे LIVE खबर की तर्ज पर हम आप तक पहुंचाते हैं।

Related Articles
Next Story