जाको राखे साईयां... चलती ई-रिक्शा पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, जन्मते ही नवजात गिरा सड़क पर...लेकिन बाल बांका नहीं हुआ

मुंगेर। चलती ई रिक्शा में एक महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया, लेकिन इसकी जानकारी किसी को नहीं हो पायी, कुछ देर बाद ही नवजात ई-रिक्शा से नीचे गिर गया। लेकिन ईश्वर की माया देखिये नवजात को कुछ भी नहीं हुआ। पीछे से आ रहे बाइक सवार ने नवजात को रोड पर गिरते देखा और फिर बच्चे को लेकर परिजनों को सौंपा। दिल दहलाने वाली ये घटना मुंगेर-लखीसराय एनएच-80 के फरदा-सर्वोदय टोला गांव का है। जहां एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में सड़क पर गिरे नवजात को आशा कार्यकर्ता कपड़े में लपेट कर उठा रही है। दरअसल शिवकुंड पंचायत की रहने वाली एक महिला प्रसव कराने के लिए घर की महिलाओं के साथ ई-रिक्शा से मुंगेर जा रही थी। इस दौरान फरदा सर्वोदय टोला के पास ई-रिक्शा में महिला का प्रसव हो गया लेकिन महिला को पता नहीं चला और सभी लोग आगे बढ़ गए।वहीं ई-रिक्शा के पीछे जा रहे बाइक सवार लोगों ने देखा कि महिला का प्रसव हो गया और नवजात बच्चा सड़क पर गिर गया है।

इसके बाद आस-पास के लोगों की भी नजर पड़ी। वहां मौजूद आशा कार्यकर्ता आशा कुमारी ने फिर बच्चों को उठाया। उन्होंने बताया कि प्रसव कराने जा रही महिला को पता नहीं चला और प्रसव हो गया। हालांकि बच्चे को उठाया तो पता चला कि उसकी साँस चल रही है और वह पूरी तरह से ठीक है। इसके बाद उसे कपड़े में लपेटा गया। इसके कुछ मिनट के बाद ही बच्चे की मां और परिजन भी पहुंच गए। उनको फिर बच्चे को सौंप दिया गया।

लोगों के मुताबिक बच्चा सड़क पर गिरा हुआ था। उसमें हल-चल भी हो रही थी। इसके बाद पास में मौजूद आशा ने उसको उठाया। इस बीच 10 मिनट के बाद मां और परिजन लौट आए। मुंगेर की तरफ वो लोग जा रहे थे बच्चे को लेकर शायद उनको पता नहीं चला होगा। वैसे उन लोगों को जैसे ही पता चला कि बच्चा जन्म ले चुका है और गिर भी गया है। वह लोग लौट कर आए थे।

HPBL
HPBL  
Related Articles
Next Story