सपना था ‘खाकी’ पहनने का, लेकिन मौत चुन ली! सदमे में परिवार…

सपना था ‘खाकी’ पहनने का, लेकिन मौत चुन ली! सदमे में परिवार…
देवरिया (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर चयनित होने के बाद एक युवती, प्रियम वर्मा उर्फ बबली, ने आत्महत्या कर ली। बबली की मौत ने न सिर्फ उसके परिवार बल्कि पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। चयन के बाद प्रशिक्षण पर जाने की तैयारी कर रही बबली की अचानक हुई मौत कई सवाल खड़े कर रही है।
मूल रूप से बलिया जिले के बांसडीह की रहने वाली बबली का परिवार पिछले कुछ समय से कानपुर देहात के घाटमपुर में रह रहा था। बबली के माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। परिवार में उसकी तीन बहनें और एक भाई हैं। बबली और उसकी बड़ी बहन लवली दोनों का हाल ही में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में चयन हुआ था। दोनों ने मेडिकल भी पास कर लिया था और उन्हें 17 जून को रायबरेली में ट्रेनिंग पर जाना था।
ट्रेनिंग से पहले मौसी के घर आई थी बबली
ट्रेनिंग शुरू होने से पहले बबली अपनी बड़ी बहन के साथ देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के एक गांव में मौसी के घर कुछ दिन बिताने आई थी। रविवार की शाम खाना खाने के बाद दोनों बहनें टहलने निकलीं। लौटकर बबली बाथरूम में गई, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकली।
जब भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। भीतर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए — बबली ने दुपट्टे से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। उसे तुरंत सीएचसी ले जाया गया, फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कारण अभी स्पष्ट नहीं
सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने जानकारी दी कि यह घटना 1 जून को हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है।
परिवार और समाज सदमे में
बबली के इस कदम से उसका पूरा परिवार टूट गया है। जिस खाकी वर्दी को पहनने का उसने सपना देखा था, वही सपना अब अधूरा रह गया। परिवार के लिए यह न सिर्फ व्यक्तिगत क्षति है, बल्कि उनके भविष्य की उम्मीदों पर भी गहरा आघात है।












