झारखंड: कौन हैं IRS अफसर निशा उरांव, जिन्हें हेमंत सरकार ने कर दिया रिलीव, सोशल मीडिया पर महिला अफसर ने लिखा… मैं प्रण लेती हूं…
Jharkhand: Who is IRS officer Nisha Oraon, who was relieved by the Hemant government, the woman officer wrote on social media... I take a vow...

Nisha Oraon: निशा उरांव की सेवा उनके मूल विभाग को लौटा दी गयी है। राज्य सरकार ने उन्हें रिलीव कर दिया है। झारखंड सरकार में पंचायती राज और कृषि विभाग की निदेशक रही निशा उरांव अब अपने मूल विभाग में सेवा देंगी। भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी निशा अब अपने मूल विभाग केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड, वित्त मंत्रालय, भारत सरकार में योगदान करेंगी।
उन्होंने अपने सामाजिक मीडिया पोस्ट के माध्यम से इस परिवर्तन को एक “नए जीवन अध्याय की शुरुआत” बताया। झारखंड सरकार में पंचायती राज और कृषि विभाग की निदेशक पद पर कार्यरत रही भारतीय राजस्व सेवा (IRS) की अधिकारी निशा उरांव को 9 अप्रैल 2025 को विरमित कर दिया गया है।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा बुधवार को इसके संबंध में अधिसूचना जारी की गई। इसके तहत उन्हें उनके मूल विभाग केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड, राजस्व विभाग, वित्त मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली में योगदान के लिए निर्देशित किया गया है।
जानकारी के मुताबिक निशा उरांव वर्ष 2020 से झारखंड सरकार में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थीं। वे 31 अगस्त 2020 से लेकर 9 अप्रैल 2025 तक, लगभग पाँच वर्षों तक राज्य सरकार की सेवा में रहीं। इस दौरान उन्होंने पंचायती राज निदेशक और बाद में कृषि निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
अपनी विदाई के अवसर पर निशा उरांव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए झारखंड सरकार और राज्य की जनता का आभार प्रकट किया। उन्होंने लिखा, “आज झारखंड सरकार से विरमित होकर वापस जा रही हूं। मैंने बतौर पंचायती राज निदेशक और कृषि निदेशक राज्य की जनता की सेवा की। इस दौरान मुझे अफसरों, कर्मियों और समाज से असीम स्नेह मिला, जिसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।”
उन्होंने आगे लिखा, “खासकर पंचायती विभाग के अनुभव ने मेरे जीवन को एक नई दिशा और एक नया लक्ष्य दिया है। यह अनुभव मेरे लिए जीवन बदलने वाला रहा है। मैं प्रण लेती हूं कि आगे भी पूरी निष्ठा से जनसेवा करती रहूंगी। समाज को उसके मूल अधिकार और सेवाएं देने हेतु सदा समर्पित रहूंगी।”
निशा ने पोस्ट में लिखा है कि – “ईश्वर ने लक्ष्य दिया है, ईश्वर ही आगे का रास्ता दिखाएंगे। जय मां भारती, जय सरना।”