रांची: बैरिकेट तोड़े, पुलिस से झड़प, नारेबाजी-प्रदर्शन, JPSC घेराव के दौरान भाजयुमो ने जमकर दिखायी ताकत, आयोग गेट तक पहुंचे BJYM कार्यकर्ता
Ranchi: Barricades broken, clashes with the police, slogan-shouting, and protests—BJYM demonstrated significant strength during the siege of the JPSC office, with activists reaching the commission's gate.

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) के रिजल्ट को लेकर आज रांची में खूब बवाल हुआ। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी घेराव के दौरान जमकर अपनी ताकत दिखायी। इस दौरान पुलिस के साथ कई बार भाजयुमो कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई। वहीं, परिणाम को लेकर बुधवार को राजधानी रांची में जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी मुख्यालय का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई।

हजारों कार्यकर्ता पहुंचे JPSC मुख्यालय
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के नेतृत्व में राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एकत्र हुए। सभा के बाद सभी लोग मार्च करते हुए जेपीएससी कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शन को देखते हुए आयोग कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल, रैपिड एक्शन टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई थी, जबकि वाटर कैनन और दंगा नियंत्रण बल को भी अलर्ट रखा गया था।
उग्र प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ा
जेपीएससी कार्यालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की और तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने हालात पर नियंत्रण कर लिया।
परीक्षा प्रक्रिया पर उठाए सवाल
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही। उनका कहना है कि परीक्षा परिणाम कट-ऑफ अंक सार्वजनिक किए बिना जारी किया गया। साथ ही मेरिट सूची पर सक्षम अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं होने और अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट उपलब्ध नहीं कराए जाने जैसे मुद्दे भी उठाए गए।
CBI जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि हाल ही में सीआईडी द्वारा जेपीएससी मुख्यालय और परीक्षा से जुड़ी एजेंसी पर की गई छापेमारी तथा आयोग के अध्यक्ष के इस्तीफे से पूरे मामले पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने मांग की कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा को रद्द कर नए सिरे से परीक्षा कराई जाए और पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए।हालांकि, परीक्षा में अनियमितताओं के ये आरोप प्रदर्शनकारी पक्ष की ओर से लगाए गए हैं। इन आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच या आधिकारिक निष्कर्षों से होना बाकी है।









