दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि देने पहुंचे CM हेमंत, फिर JPSC आंदोलन पर दिया बड़ा बयान! बोले- ‘सरकार की हर पहलू पर पैनी नजर’
Ranchi News: पहली पुण्यतिथि पर शिबू सोरेन को नमन, JPSC विवाद और छात्रों के आंदोलन पर मुख्यमंत्री ने दिया अहम संदेश

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को मोरहाबादी स्थित अपने आवास पर पहुंचकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि गुरुजी केवल उनके पिता ही नहीं, बल्कि उनके मार्गदर्शक भी थे और आज पूरा झारखंड उन्हें श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है।
JPSC आंदोलन पर बोले- सरकार हर पहलू पर रखे हुए है नजर
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया से बातचीत में JPSC परीक्षा विवाद और छात्रों के आंदोलन पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार की आंख भी है, नाक भी है और हाथ भी है। पूरे मामले की निगरानी की जा रही है और सरकार राज्यहित में काम कर रही है।”
छात्रों की मांगों पर उचित समय पर होगा फैसला
हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार छात्रों की मांगों और उनकी जिज्ञासाओं को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद उचित समय पर निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार को उम्मीद है कि छात्र उसकी मंशा को समझेंगे और उस पर विश्वास बनाए रखेंगे।
जांच एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सभी स्तरों पर जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं जारी हैं। जांच एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हैं और जहां भी किसी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता हुई होगी, उसकी गहराई से जांच की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने और सभी तथ्य सामने आने के बाद सरकार अपना अंतिम निर्णय सार्वजनिक करेगी।
कल्पना सोरेन बोलीं- यह पूरे झारखंड के लिए भावुक पल
वहीं गांडेय विधायक और मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह केवल सोरेन परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के हर परिवार के लिए भावुक क्षण है।
JPSC मुद्दे पर समाधान की दिशा में काम कर रही सरकार
कल्पना सोरेन ने JPSC पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के जारी आंदोलन पर कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस मुद्दे को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार छात्रों की चिंताओं को समझते हुए इस मामले का जल्द और उचित समाधान निकालने की दिशा में काम कर रही है।









