नारी शक्ति वंदन संशोधन पर PM मोदी का बड़ा संदेश, विपक्ष पर साधा निशाना; बोले- देशहित से बढ़कर कुछ नहीं

नई दिल्ली। नारी शक्ति वंदन संशोधन और परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार लोकसभा में इस महत्वपूर्ण विधेयक को पेश करने की तैयारी में जुटी है। वहीं, विपक्षी इंडिया गठबंधन भी इस मुद्दे पर अपनी रणनीति बनाने में लगा हुआ है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक नया वीडियो साझा कर नारी शक्ति वंदन संशोधन को समय की मांग बताया है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लिए देशहित सर्वोपरि है।
आधी आबादी के सपनों को पूरा करना जरूरी: PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘भारत की प्रगति, नारीशक्ति के सपनों की उड़ान।’ वीडियो में उन्होंने कहा कि नारी शक्ति को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वह भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर बीजेपी और एनडीए का संकल्प अडिग है। हमारे लिए देशहित सर्वोपरि है, लेकिन जब कुछ लोगों के लिए दलहित ही सब कुछ हो जाता है और दलहित को देशहित से ऊपर रखा जाता है, तो इसका खामियाजा नारी शक्ति और देश को भुगतना पड़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है। हमारा आत्मबल अजेय है और आधी आबादी के सपनों के साथ देश के भविष्य के लिए इस संकल्प को पूरा करना ही होगा।
विपक्षी गठबंधन में भी तेज हुई सियासी हलचल
इस विधेयक को लेकर विपक्षी इंडिया गठबंधन में भी बैठकों और मुलाकातों का दौर तेज हो गया है। गठबंधन के नेता डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और शरद पवार से मुलाकात कर आगे की रणनीति पर चर्चा करने की तैयारी में हैं।
राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत विपक्ष के कई बड़े नेता चेन्नई में एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद विपक्षी नेताओं के मुंबई रवाना होने का कार्यक्रम है, जहां रात 8 बजे शरद पवार से मुलाकात प्रस्तावित है।
बताया जा रहा है कि शरद पवार इस समय मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। ऐसे में उनसे मुलाकात अस्पताल में ही होने की संभावना है।
परिसीमन बिल को लेकर बढ़ी राजनीतिक टकराव की आशंका
लोकसभा में विधेयक पेश किए जाने से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। एक ओर केंद्र सरकार विधेयक को आगे बढ़ाने की तैयारी में है, तो दूसरी ओर विपक्षी दल इसके विभिन्न पहलुओं पर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। अब सबकी नजर लोकसभा में होने वाली चर्चा और राजनीतिक दलों के रुख पर टिकी है।











