जैक अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की नियुक्ति आज कल में हो भी गयी, तो मैट्रिक-इंटर की परीक्षा में देरी तय! जानिये क्यों…
JAC Board News: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर जल्द ही नियुक्ति हो सकती है। दावा किया जा रहा है कि 5 फरवरी तक नयी नियुक्ति हो सकती है। इससे पहले अध्यक्ष डॉ अनिल महतो और उपाध्यक्ष डॉ विनोद सिंह का कार्यकाल पिछले महीने ही खत्म हो गया था। स्कूल शिक्षा विभाग नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक नये अध्यक्ष के चयन का प्रस्ताव झारखंड के शिक्षा मंत्री को भेजा गया है। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जैक को नया चेयरमैन पांच फरवरी को मिल सकता है। कल इसकी अधिसूचना जारी हो सकती है। दरअसल नियुक्ति में देरी से बोर्ड परीक्षा पर संकट मंडरा रहा है।
लिहाजा, मैट्रिक और इंटर की परीक्षा पर न पड़े, इसके लिए तैयारी की गयी है कि जिस दिन चयनित पदाधिकारी योगदान देंगे उसी दिन मैट्रिक और इंटरमीडिएट के एडमिट कार्ड पर हस्ताक्षर करने का कार्य भी शुरू होगा, ताकि किसी भी हाल में छह जनवरी की शाम तक एडमिट कार्ड को ऑनलाइन अपलोड कर दिया जाए, ताकि पूर्व से तय समय (11 फरवरी) से ही मैट्रिक और इंटर की परीक्षा शुरू हो सके।
हालांकि छह फरवरी को एडमिट कार्ड अपलोड भी कर दिया जाता है तो उसके बाद भी उसे परीक्षार्थियों तक 10 फरवरी तक पहुंचाना और अगर एडमिट कार्ड में किसी प्रकार की त्रुटि हुई तो उसे ठीक कराने के लिए भी कुछ अतिरिक्त दिन चाहिए। इसलिए तय समय पर परीक्षा होने पर संशय है।
जानकारी के मुताबिक मैट्रिक (10वीं) की परीक्षा का एडमिट कार्ड 25 जनवरी 2025 से जबकि इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा का एडमिट कार्ड 28 जनवरी 2025 से जारी किया जाना तय किया गया था. छह फरवरी को अगर एडमिट कार्ड जारी हो जाता है, तो संबंधित स्कूलों के प्रिंसिपल जैक की आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in से डाउनलोड कर सकेंगे।