109 लोगों की गयी जान: कई जगहों पर स्कूल-कॉलेज बंद, भीषण बारिश की चेतावनी, कई जगहों पर जनजीवन अस्त-व्यस्त

By :  HPBL
Update: 2024-07-15 17:56 GMT

Heavy Rain: देश के अधिकांश हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त है। कई जगहों पर नदी नाले उफान पर हैं, तो कई जगहों पर वज्रपात और बाढ़ से लोगों की जान जा रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और गुजरात के कई जिलो में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर चल रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार और असम की कई नदियां उफान पर हैं। यूपी और असम के कई जिलो में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। असम में आई बाढ़ से 1,342 गांव जलमग्न हैं।

25,367.61 हेक्टेयर फसल क्षेत्र क्षतिग्रस्त हो गई है। राज्य की ब्रह्मपुत्र नदी निमाटीघाट, तेजपुर और धुबरी में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम में आई बाढ़ से 109 लोगों की जान भी जा चुकी है। आईएमडी के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि मानसून नीचे (दक्षिण) की ओर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में दक्षिण भारत के कई राज्यों में जमकर बारिश होगी। भारी बारिश की संभावना के चलते केरल, कोंकण और गोवा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन सभी जगहों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है।

इधर, भारी बारिश के बीच उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। गोरखपुर में बाढ़ की स्थिति बन गई है। कई गांव पानी में डूब गए हैं। गोरखपुर के अलावा हरदोई की गर्रा नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। हरदोई के करीब 150 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं। ग्रामीण ऊंचाई वाली सड़कों पर घर का सामान लाकर रहने को मजबूर हैं।

कई राज्यों में बंद हुए स्कूल

गोवा के कई इलाकों में भारी बारिश और आईएमडी रेड अलर्ट के बाद राज्य के शिक्षा विभाग ने 15 जुलाई को कक्षा 12 तक के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। केरल में मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड के लिए रेड अलर्ट और एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, कोझीकोड और वायनाड के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया। भारी बारिश और आंधी के कारण केरल के छह जिलों में स्कूल और संस्थान बंद कर दिए गए हैं।

Tags:    

Similar News