झारखंड का PIL गैंग : कल्पना सोरेन ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना, कहा, हम भी झारखण्डी हैं, डरने वाले नहीं....साजिश को मिट्टी में मिलाना जानते हैं

By :  Aditya
Update: 2024-10-06 15:16 GMT

Jharkhand News: हम भी झारखण्डी हैं, किसी से डरने वाले नहीं हैं। किसी भी झूठ, फरेब और साजिश को मिट्टी में मिलाना जानते हैं… हेमंत सरकार की कई योजनाओं को हाईकोर्ट में दी गयी चुनौती पर कल्पना सोरेन ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है।

मंईया सम्मान यात्रा के दौरान सभा को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड में इन दिनों PIL गैंग कुछ ज्यादा ही एक्टिव है। हेमंत सोरेन जो भी जनहित की योजनाओं को आपके लिए लेकर आते हैं, उसे पीआईएल गैंग के लोग कोर्ट में जाकर उसे रोकने का काम करते हैं।

कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखण्ड से नफरत करने वाली भाजपा के PIL गैंग की सच्चाई क्या है, इससे आपको सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि झारखण्डी युवाओं की नियोजन नीति के खिलाफ भाजपा ने PIL डलवाया। पीछे के दरवाजे से नीति को रद्द करवाया। भाजपा के लोग नहीं चाहते झारखण्ड के युवाओं को नौकरी मिले। उसी तरह से मंईयां सम्मान योजना को बंद करने के लिए PIL डलवाया। महिला विरोधी है भाजपा।

यही नहीं हेमन्त सोरेन को परेशान करने के लिए, बदनाम करने के लिए, काम नहीं करने देने के लिए साजिश के तहत बार-बार PIL पर PIL करवाया। और भाजपा को हर बार करारा जवाब दिया गया। कल्पना सोरेन ने कहा कि लेकिन हम भी झारखण्डी हैं, किसी से डरने वाले नहीं हैं। किसी भी झूठ, फरेब और साजिश को मिट्टी में मिलाना जानते हैं।

झारखण्ड के लोगों को मिलने वाले आवास का पैसा भाजपा ने बंद कर दिया और बीजेपी राज्यों को दे दिया। हमने जब यहाँ के लोगों के लिए पैसा मांगा तो बीजेपी को बड़ी तकलीफ हो गयी। इसलिए हमने अपने राज्यवासियों के लिए अबुआ आवास योजना शुरू की। बीजेपी के लोग चाहते हैं कि झारखण्ड हमेशा गरीब रहे, यहां के लोग हमेशा संसाधनों से वंचित रहें।

केंद्र की भाजपा सरकार को यहाँ खनिज संपदा के खजाने को ले जाना है पर हमारे बच्चों के भविष्य के लिए चिंता नहीं करनी है। अब ये हम होने नहीं देंगे, झारखण्ड को उसका हक और सम्मान दिलाने हेतु हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

Tags:    

Similar News