...और झारखंड में राजनाथ सिंह का हेलीकॉप्टर ही नहीं उड़ पाया, सड़क मार्ग से लौटना पड़ा वापस, जानिये वजह

By :  Aditya
Update: 2024-09-21 18:22 GMT

रांची। झारखंड दौरे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का चौपर ही नहीं उड़ पाया। परिवर्तन यात्रा में पहुंचे राजनाथ सिंह का हेलीकाप्टर नहीं उड़ पाने पर सड़क मार्ग से रक्षा मंत्री को वापस आना पड़ा। झारखंड का दौरा खत्म कर उन्हें वापस लौटना था लेकिन उनका हेलीकॉप्टर रिफ्यूल नहीं होने के चलते उड़ान नहीं भर सका। वे घंटे भर इंतजार भी करते रहे लेकिन हेलीकॉप्टर में रिफ्यूलिंग नहीं हो पाई, लिहाजा उन्हें सड़क मार्ग से वापस लौटना पड़ा।

"
"

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि रांची से ईंधन लेकर आ रहा वाहन किसी समस्या के कारण गढ़वा नहीं पहुंच सका। जिसके चलते राजनाथ सिंह को सड़क मार्ग से वापस लौटना पड़ा। सूत्रों ने कहा कि रक्षा मंत्री ने वाराणसी के लिए रवाना होने से पहले करीब एक घंटे तक इंतजार किया। इससे पहले उन्होंने झारखंड में दो रैलियों को संबोधित किया।

चतरा जिले के इटखोरी में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर राजनाथ सिंह ने सभा को संबोधित किया। पहली रैली उन्होंने चतरा के इटखोरी में की और दूसरी रैली गढ़वा के बंशीधर नगर में की। बंशीधर नगर में ही उनके हेलीकॉप्टर में रिफ्यूलिंग होनी थी और उन्हें वापस लौटना था। लेकिन हेलीकॉप्टर में रिफ्यूलिंग नहीं हो पाई। लिहाजा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को गढ़वा से सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होना पड़ा।

झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया, "उनके हेलीकॉप्टर में रिफ्यूलिंग नहीं हो पाने के कारण वे गढ़वा से सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुए।" गढ़वा के एसपी दीपक पांडे ने बताया कि हेलीकॉप्टर के लिए ईंधन ले जाने वाला वाहन गढ़वा के बंशीधर नगर नहीं पहुंच पाया, इसलिए सिंह ने सड़क मार्ग से वाराणसी जाने का फैसला किया। वाराणसी और गढ़वा के बीच की दूरी करीब 200 किलोमीटर है।

Tags:    

Similar News