झारखंड : महिलाओं के मुद्दे पर भाजपा-झामुमो फिर आमने सामने, हेमंत सरकार पर बाबूलाल मरांडी ने लगाया ठगने का आरोप, तो झामुमो बोली, माफी मांगो...

By :  Aditya
Update: 2024-10-18 18:19 GMT

Jharkhand Election : झारखंड के इस चुनाव में महिलाओं का बहुत अहम रोल है। चुनावी रणनीतिकार मानते हैं कि महिलाओं का वोट बैंक जिस पार्टी के साथ जायेगा, सरकार उसी की बनेगी, लिहाजा महिलाओं पर एनडीए और इंडी दोनों गठबंधन ने डोरे डालने की हर मुमकीन कोशिश की है।

महिलाओं के मुद्दे पर राजनेताओं के बीच आरोप प्रत्यारोप भी काफी तेज है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर महिलाओं को ठगने का आरोप लगाया है। मरांडी ने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर हेमंत सरकार को निशाने पर लिया है।

पूर्व सीएम ने लिखा है कि हेमंत सोरेन जी की सरकार ने राज्य की माताओं बहनों को ठगने का काम किया है। हेमंत सरकार ने महिलाओं को प्रतिमाह 2000 चूल्हा खर्च देने का झूठा वादा किया, बेटियों की शादी में सोने के सिक्के देने का झूठ बेचा गया, महिला बैंक और महिला थाना के स्थापना का सपना दिखाकर ठगा गया... माताएं बहनें हेमंत जी की हकीकत जान चुकी हैं, इसलिए हेमंत सरकार चुनाव के समय महिला हितैषी बनने का ढोंग रच रही है।

झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में स्वीकृति प्रदान कर गोगो दीदी योजना के तहत झारखंड की सभी माताओं बहनों के बैंक खाते में हर महीने की 11 तारीख को 2,100 रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

गोगो दीदी योजना से हमारे झारखंड की माताएं बहनें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ प्रदेश की उन्नति में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

इधर बाबूलाल मरांडी के पोस्ट पर झामुमो ने भी पलटवार किया है। झामुमो ने कहा है कि झारखण्ड की जनता बाबूलाल मरांडी का जी का यह कु-कृत्य देख रही है, झारखण्ड की मंईंयां सम्मान योजना का यह अपमान तो है ही,लेकिन यह मंईंयां का अपमान है।

मरांडी जी को समस्त झारखंड की जनता के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगना चाहिए। अन्यथा बैमान भाजपा को जवाब तो जनता मालिक देगी

Tags:    

Similar News