सरयू राय JDU में शामिल: झारखंड में चुनाव से घटनाक्रम बदला, सरयू राय ने JDU का दामन थामा, विधानसभा चुनाव में करेंगे अगुवाई

By :  Ashrita
Update: 2024-08-04 15:01 GMT

Saryu Roy In JDU: आखिर चुनाव के ठीक पहले वो उलटफेर हो ही गयी, जिसकी अटकलें एक महीने से लग रही थी। निर्दलीय विधायक सरयू राय जदयू में शामिल हो गए हैं। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें पटना में पार्टी की सदस्यता दिलायी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में उन्होंने JDU का दामन थामा। सरयू राय को पार्टी की कमान मिल सकती है।

झारखंड में सरयू राय की अगुवाई में जेडीयू चुनाव लड़ सकती है। हालांकि इसकी अटकलें उसी वक्त लगनी शुरू हो गयी थी, जब सरयू राय ने नीतिश कुमार से मुलाकात की थी।

"
"

सरयू राय को पार्टी की सदस्यता दिलाने के बाद राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि जदयू परिवार में आपका स्वागत है! झारखंड के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री, जमशेदपुर पूर्वी के माननीय विधायक सरयू राय को जदयू की सदस्यता दिलाई।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनका पिछले कई दशकों से व्यक्तिगत संबंध रहा है। मुझे विश्वास है, सरयू राय के आने से झारखंड में पार्टी को मजबूती मिलेगी। इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री एवं जदयू के झारखंड प्रदेश प्रभारी अशोक चौधरी, मंत्री Shrawon Nalanda, राज्यसभा सांसद सह जदयू के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो, विधान पार्षद संजय गांधी और प्रदेश महासचिव मनीष कुमार मौजूद थे।

जानिये सरयू राय के बारे में

जमशेदपुर पूर्वी सीट से मौजूदा विधायक ने ये सीट तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को पटखनी देकर जीती थी. 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उनका टिकट काट दिया था तो वे रघुवर दास के खिलाफ जमशेदपुर पूर्वी से निर्दलीय मैदान में उतरे थे. इस सीट से जीत के बाद वो सुर्खियों में बने रहे थे। वो झारखंड सरकार में पहले मंत्री की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

सरयू राय ने साल 2021 में भारतीय जनतंत्र मोर्चा (BJM) नाम से एक पार्टी बनाई थी. सरयू राय की जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अच्छी दोस्ती रही है. ऐसा माना जा रहा है कि वो जेडीयू से तालमाल बैठाने और पार्टी की सदस्यता लेकर विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुके हैं। झारखंड में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि नीतीश कुमार की जेडीयू अब अपना विस्तार करते हुए फिर से झारखंड में भाग्य आजमाने की कोशिश में है।

सरयू राय के साथ आने से जेडीयू को उम्मीद है कि पार्टी राज्य में मजबूत होगी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि झारखंड में जेडीयू में 11 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. साल 2019 में पार्टी ने यहां 40 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे लेकिन एक भी उम्मीदवार को जीतने में कामयाबी हासिल नहीं हुई थी।

Tags:    

Similar News