बोकारो : महिलाओं को शिकार बनाने वाला साइको किलर गिरफ्तार, पत्नी की भी कर चुका था हत्या

बोकारो : अपनी पत्नी की हत्या और दो महिलाओं पर चाकू से हमला कर भाग रहे साइको किलर अजय रविदास को पुलिस ने शुक्रवार की शाम चंद्रपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजाबेड़ा हॉल्ट से गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि पुलिस ने ज्यादा खुलासा नहीं करते हुए कहा है कि उनकी जांच की जा रही है. उसका आतंक इस कदर था कि उसपर पुलिस को दस हजार रुपए का इनाम घोषित करना पड़ा था। पुलिस ने बोकारो जिले के सभी थानों को उसकी तस्वीर भेजकर अलर्ट किया था।
बोकारो एसपी चंदन कुमार झा ने आरोपी अजय रविदास की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि अजय रविदास अब पुलिस हिरासत में है. उसे चंद्रपुरा से थोड़ी देर पर स्थित रेलवे के राजाबेड़ा हॉल्ट के पास से पकड़ा गया है. जिला एसपी ने जानकारी देते हुए कहा कि आरोपी अजय रविदास से मामले में पूछताछ की जा रही है, पूछताछ के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि राजबेड़ा हॉल्ट के पास एक दूकान पर आरोपी सिगरेट लेने गया था. जहा कुछ युवकों ने उसकी इनाम वाली फोटो सोशल मीडिया पर देखकर पुलिस को इसकी सूचना दी और वह पकड़ा गया.
एक के बाद एक कई घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी अजय रविदास को लोग ‘सनकी और साइको किलर’ की संज्ञा दी थी. खासतौर पर इलाके की महिलाएं बेहद डरी हुई थी. आरोपी अजय रविदास चंद्रपुरा का रहने वाला है और फरार चल रहा था. चंद्रपुरा इलाके में लगातार दो वारदात होने से पूरे इलाके में खौफ था.











