India Heatwave Alert: बाहर निकले तो मौत जैसी गर्मी करेगी हमला! 48°C की आग में तप रहे शहर, सफर बना जानलेवा
हीटवेव का खौफनाक अलर्ट: सड़कें बनीं ‘हीट चैंबर’, एक गलती पड़ सकती है भारी

India Heatwave Alert: नई दिल्ली। देशभर में गर्मी अब सिर्फ मौसम नहीं, बल्कि खतरनाक आपदा का रूप लेती जा रही है। कई शहरों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है और हालात ऐसे हैं कि लोग घर से बाहर निकलने से डरने लगे हैं। तेज धूप, गर्म हवाएं और कंक्रीट के जंगल मिलकर शहरों को ‘हीट चैंबर’ में बदल रहे हैं, जहां हर सांस शरीर पर भारी पड़ रही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है। जयपुर, बीकानेर, भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, अहमदाबाद और नागपुर जैसे शहरों में भीषण हीटवेव की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में हालात और ज्यादा खतरनाक हो सकते हैं।
India Heatwave Alert: सफर बना सबसे बड़ा खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ रहा है जो रोजाना लंबी दूरी तय करते हैं। घंटों ट्रैफिक में फंसे रहना, भीड़भाड़ वाली बस और ट्रेन में सफर करना और लगातार गर्म हवा के संपर्क में रहना शरीर को अंदर से कमजोर कर रहा है।
डॉक्टरों के मुताबिक हीटवेव सिर्फ धूप में काम करने वालों के लिए खतरा नहीं है, बल्कि ऑफिस जाने वाले, छात्र और रोज सफर करने वाले लोग भी इसकी चपेट में तेजी से आ रहे हैं। डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, कमजोरी और हीटस्ट्रोक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
अरब सागर से बढ़ा खतरा, मौसम ने बदला रौद्र रूप
INCOIS की रिपोर्ट ने भी चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक अरब सागर का बड़ा हिस्सा ‘थर्मल स्ट्रेस जोन’ में बदल चुका है, जहां समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इससे भारी बारिश, बादल फटने और अनियमित मानसून जैसी खतरनाक स्थितियां पैदा हो सकती हैं।
India Heatwave Alert: शरीर पर दिख रहे खतरनाक असर
गर्मी अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित कर रही है। नींद न आना, चिड़चिड़ापन, थकान, तनाव और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। खासकर दिल की बीमारी, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित लोगों के लिए यह मौसम बेहद खतरनाक माना जा रहा है।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि सफर के दौरान पानी कम पीना सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है। कई लोग बार-बार वॉशरूम से बचने के लिए पानी नहीं पीते, जिससे शरीर तेजी से डिहाइड्रेट हो जाता है और अचानक हालत बिगड़ सकती है।
भूलकर भी न करें ये गलती
डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। अगर जरूरी हो तो हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, सिर ढंककर रखें और लगातार पानी पीते रहें। नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और ORS शरीर को गर्मी से बचाने में मदद कर सकते हैं।
इसके अलावा तरबूज, खीरा, ककड़ी और दही जैसी ठंडी चीजों का सेवन करने की भी सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अब हीटवेव को हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है, क्योंकि यह सिर्फ मौसम नहीं बल्कि सीधे जान पर हमला बनती जा रही है।












