शादी समारोह में जा रही गाड़ी नदी में पलटी, कई लोग हुए घायल, सदर अस्पताल के लिए घायलों को किया गया रेफर

गिरिडीह। शादी समारोह में जा रहे मेहमानों से भरी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे में दर्जन भर लोग घायल हो गये हैं। हादसा गिरिडीह के मधुबन थाना इलाके की है। हादसे के बाद इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ही अस्पताल से नदारद मिले। जैसे तैसे प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को सदर अस्पताल रेफर किया गया। हादसा उस वक्त हुआ, जब शादी समारोह में जा रहे लोगों से भरी गाड़ी नदी में पलट गयी।
घटना मधुबन के जयनगर की बतायी जा रही है। नदी में गिरे वाहन पर सवार एक दर्जन लोगों को बाहर निकाला गया और पीरटांड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर रुप से घायल लोगों को सदर अस्पताल भेजा गया। इधर सूचना मिलते ही पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची। सभी लोग मधुबन थाना इलाके के पर्वतपुर में शादी समारोह में जा रहे थे।
विंगर वाहन पर सवार होकर आसपास के लोग और रिश्तेदार शादी में जा रहे थे। इसी बीच जयनगर के पास वाहन से चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी नदी में गिर गई। वाहन के नदी में गिरते ही वहां पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।











