Chatra News: कोर्ट के आदेश पर जमीन खाली कराने पहुंची टीम, अचानक मचा हड़कंप! महिला ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई, पुलिसकर्मी समेत 4 झुलसे
चतरा के गौरक्षणी में जमीन विवाद के दौरान बवाल, महिला और बेटे की हालत गंभीर; दोनों को रिम्स किया गया रेफर, पुलिस ने शुरू की जांच

चतरा। शहर के मुख्य चौक गौरक्षणी के पास मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोर्ट के आदेश पर जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासनिक और पुलिस टीम के सामने एक महिला ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगाने का प्रयास किया। महिला को बचाने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी भी झुलस गया।
घटना में रीना देवी, उनके बेटे धीरज कुमार और सदर थाना के एएसआई प्रवीण सिंह समेत चार लोग झुलस गए। सभी को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रीना देवी और उनके बेटे धीरज कुमार को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। वहीं एएसआई प्रवीण सिंह का इलाज सदर अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।
कोर्ट के आदेश पर पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार, विवादित जमीन को लेकर रीना देवी के पक्ष और विजय अग्रवाल के बीच लंबे समय से न्यायालय में मामला चल रहा था।
कोर्ट टीम के अनुसार, इस जमीन को लेकर वर्ष 1988 में विजय अग्रवाल और तारा देवी के पक्ष से मुकदमा दायर किया गया था। मामले में विजय अग्रवाल के पक्ष में डिग्री हुई। इसके बाद वर्ष 2006 में तारा देवी की ओर से मामले को अपील में ले जाया गया, लेकिन वहां भी उनके पक्ष में फैसला नहीं आया।
इसके बाद न्यायालय की ओर से विजय अग्रवाल को जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने का आदेश जारी किया गया था।
कब्जा दिलाने के दौरान बढ़ा विवाद
इसी न्यायालयी आदेश के अनुपालन में कोर्ट टीम और पुलिस बल के साथ जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने की कार्रवाई शुरू की गई थी।
टीम के अनुसार, कार्रवाई शुरू होते ही दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान हालात अचानक बिगड़ गए और महिला ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, महिला को बचाने की कोशिश के दौरान एएसआई प्रवीण सिंह भी झुलस गए। घटना में महिला और उसके बेटे समेत चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
निर्माणाधीन मकान से हॉकी स्टिक बरामद
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखी गई तीन हॉकी स्टिक भी बरामद होने की जानकारी मिली है।
घटना को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे और किसी तरह का दोबारा विवाद न हो।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह और एसडीपीओ सन्नी वर्धन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की।
न्यायालय की टीम के सदस्य गंगाधर जय ने बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुपालन में दखल-कब्जा की कार्रवाई की जा रही थी। टीम के अनुसार, आदेश के मुताबिक संबंधित जमीन को कब्जामुक्त कराने की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मजिस्ट्रेट और कोर्ट टीम की मौजूदगी में दखल-कब्जा की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से कार्रवाई रोकने का प्रयास किया गया।
एसडीपीओ के अनुसार, इसी दौरान महिला ने पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें पुलिसकर्मी भी झुलस गए। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












