ऑटो में बैठकर जा रहे थे 5 युवक… पुलिस ने रोका तो खुल गया खौफनाक राज, पिस्टल-कारतूस देख उड़ गए होश
गुप्त सूचना पर पुलिस का बड़ा एक्शन, हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका; STF और DIU भी जांच में जुटी

मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले में पुलिस ने हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक ऑटो जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक ऑटो में सवार होकर शहर के बरियारपुर इलाके की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही छतौनी थाना पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध ऑटो को रोक लिया। जब पुलिस ने ऑटो की तलाशी ली तो उसमें बैठा एक युवक हथियार के साथ पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान अब्बास नामक युवक के पास से देसी पिस्टल बरामद होते ही पुलिस के होश उड़ गए। इसके बाद ऑटो में सवार सभी युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया और पूछताछ शुरू की गई।
सदर डीएसपी-2 जितेश पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर DIU और STF की टीम ने पकड़ीदयाल में छापेमारी कर दो अन्य युवकों को भी दबोच लिया। उनके पास से एक और पिस्टल तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्बास खान, अबरार अंसारी, इम्तियाज खान, रंजीत कुमार और रोहित कुमार के रूप में की है। शुरुआती जांच में सभी के किसी बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार कहां से लाए जा रहे थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इनके अन्य जिलों और राज्यों से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।












