झारखंड के मौसम में बड़ा ‘यू-टर्न’! ठंडी हवाओं ने थामी गर्मी की रफ़्तार, जानिए 24 मार्च को क्या होगा?
Jharkhand's weather takes a major U-turn! Cool winds slow the heat, find out what will happen on March 24th.

Ranchi: झारखंड में इन दिनों मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रांची और राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ तेज बारिश और वज्रपात की घटनाएं हो रही हैं। अब तक आकाशीय बिजली गिरने से छह लोगों की जान जा चुकी है। लगातार बारिश का असर तापमान पर भी दिख रहा है। दिन का तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री कम हो गया है, जबकि रात का तापमान 3 डिग्री तक घट गया है। इससे लोगों को तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जिसका असर पूरे झारखंड में दिखाई दे रहा है। सोमवार को भी राजधानी रांची समेत कई जिलों में गरज और बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि खराब मौसम के दौरान घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें।
24 मार्च से मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है। बारिश थमने के बाद आसमान साफ होने लगेगा और तापमान फिर से बढ़ने लगेगा। 25 और 26 मार्च को आंशिक बादल रहेंगे, और तापमान धीरे-धीरे 30 से 34 डिग्री तक पहुंच सकता है।
हालांकि, मौसम ज्यादा दिन शांत नहीं रहेगा। 27 और 28 मार्च को तेज हवाओं के साथ गरज, बारिश और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले सात साल में मार्च में इतनी बारिश और ठंड पहली बार दर्ज की गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।











