सुदिव्य सोनू के द्वादश श्राद्ध में उमड़ेगा जनसैलाब! CM हेमंत समेत दिग्गज नेताओं का जमावड़ा, गिरिडीह में आज भारी वाहनों की एंट्री बंद
उत्सव उपवन में होगा श्राद्धकर्म, बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना; सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम

गिरिडीह। झारखंड के दिवंगत मंत्री और गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशा एवं श्राद्धकर्म कार्यक्रम को लेकर गिरिडीह में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 17 सितंबर यानी आज उनके रिसॉर्ट उत्सव उपवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार समेत राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता पहुंचेंगे। बड़ी संख्या में आम लोगों के भी श्रद्धांजलि देने पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम में संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था की है।
30 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने का अनुमान
श्राद्धकर्म में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और आयोजन समिति लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही है।
बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस दौरान डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार, डीडीसी स्मृता कुमारी और झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
एक साथ 1500 लोग कर सकेंगे प्रसाद ग्रहण
बड़ी भीड़ को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर एक साथ करीब 1500 लोगों के बैठकर प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए भी अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने वाले लोगों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जरूरी तैयारियों की समीक्षा की है।
आज सुबह 9 से रात 11:59 बजे तक भारी वाहनों पर रोक
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों और VVIP/ VIP के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गिरिडीह शहर की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।
प्रशासन के आदेश के मुताबिक 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से रात 11:59 बजे तक गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था संभावित भीड़ और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए लागू की गई है।
छह जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था
बाहर से आने वाले लोगों की संख्या को देखते हुए वाहनों की पार्किंग के लिए छह स्थान चिह्नित किए गए हैं। प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
डीसी और एसपी लगातार सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों और जवानों को भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की खास नजर
दिवंगत मंत्री के श्राद्धकर्म में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही तैयारियों में जुटा है। डीजीपी तदाशा मिश्रा भी कार्यक्रम से पहले गिरिडीह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर चुकी हैं।
प्रशासन का फोकस कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के साथ-साथ आम लोगों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने पर है। गिरिडीह में आज पूरे दिन सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष निगरानी रहेगी।












