झारखंड में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर तेज! कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, रांची में दो दिन स्कूल बंद

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से झारखंड में बदला मौसम। 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका, 15 जिलों में ऑरेंज और 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी।

 

रांची। झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई है। मंगलवार शाम से ही तेज हवाओं का असर दिखने लगा था। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने 28 और 29 अक्टूबर को KG से 12वीं तक की कक्षाओं में पढ़ाई स्थगित रखने का आदेश दिया है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, चक्रवाती तूफान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके बुधवार सुबह ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना जताई गई है। तट से टकराने के दौरान तूफान की रफ्तार तेज रह सकती है, हालांकि इसके बाद इसकी तीव्रता कम होने का अनुमान है।

झारखंड में इसका असर फिर भी बना रह सकता है। बुधवार दोपहर बाद राज्य के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को भी खराब मौसम का प्रभाव जारी रह सकता है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

रांची में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल बंद

भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर अहम फैसला लिया है। जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में KG से 12वीं तक की कक्षाओं में 28 और 29 अक्टूबर को पढ़ाई स्थगित रहेगी।

प्रशासन के आदेश के मुताबिक, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, उनके संबंध में स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकता है। हालांकि, इसकी सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को देना अनिवार्य होगा।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

वहीं, शिक्षकों और शिक्षिकाओं को इन दोनों दिनों में विद्यालय में उपस्थित होकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में ई-विद्यावाहिनी पर उपस्थिति भी दर्ज की जाएगी।

झारखंड के 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर राज्य के 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले: रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, सिमडेगा, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम।

इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात का खतरा भी बना रह सकता है।

धनबाद समेत 9 जिलों में येलो अलर्ट

राज्य के नौ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में खराब मौसम और बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

येलो अलर्ट वाले जिले: धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा।

29 अक्टूबर तक सतर्क रहने की जरूरत

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से झारखंड में 29 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और खुले स्थानों में रहने से परहेज करने की सलाह दी गई है।

तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। गरज-चमक या वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित पक्के भवन के अंदर शरण लें और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close