बीजापुर के सुदूर गांव में अचानक पहुंचे CM साय, चौपाल में सुनी लोगों की बातें… फिर मौके पर दिए बड़े निर्देश

सुशासन तिहार में कोण्डापल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री, ग्रामीणों से सीधा संवाद कर जानी योजनाओं की जमीनी हकीकत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के तहत सरकार अब सीधे लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित कोण्डापल्ली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने न केवल लोगों की समस्याएं सुनीं, बल्कि योजनाओं का लाभ लेने वाले हितग्राहियों से बातचीत कर जमीनी स्तर पर बदलाव की वास्तविक तस्वीर भी जानी।

दूरस्थ क्षेत्र में मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं, जरूरतों तथा सुझावों को सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखा।

चौपाल में सुनी समस्याएं, मौके पर दिए निर्देश

जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का समयबद्ध तथा प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी मानी जाएगी जब उसका लाभ सही समय पर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को शासन की संवेदनशीलता का अनुभव हो।

हितग्राहियों को बांटे प्रमाण पत्र और योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने वनाधिकार मान्यता पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रम कार्ड और किसान हितग्राही योजनाओं सहित कई योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए।

इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं के प्रभाव और उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री बोले- सरकार खुद पहुंच रही है लोगों के द्वार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। राज्य सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को अपने अधिकारों और योजनाओं के लाभ के लिए भटकना न पड़े।

उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है और उनका समाधान सुनिश्चित कर रही है।

बस्तर के विकास को लेकर सरकार गंभीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई धारा पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

सुशासन तिहार से बढ़ रहा जनता का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन सीधे लोगों के दरवाजे तक पहुंच रहा है। इससे एक ओर जहां समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर शासन के प्रति आमजन का विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close