Hazaribagh News: खेत में धान रोप रहे थे पति-पत्नी, तभी गिरी बिजली… एक ही झटके में उजड़ गया परिवार, तीन की मौत

“बारिश के बीच आसमान से आई मौत! हजारीबाग में वज्रपात से दंपती समेत 3 की गई जान, 2 महिलाएं झुलसीं”

Hazaribagh News: हजारीबाग जिले में गुरुवार को आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया। दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं झुलस गईं। हादसे के बाद दोनों इलाकों में मातम पसरा है।

खेत में धान रोप रहे थे पति-पत्नी, तभी हुआ हादसा

पहली घटना कटकमसांडी प्रखंड के कंचनपुर गांव की है। यहां बासुदेव महतो और उनकी पत्नी दुलीया देवी खेत में धान रोपाई का काम कर रहे थे। उनका बेटा भी उसी खेत में मौजूद था, लेकिन वह कुछ दूरी पर काम कर रहा था।

इसी दौरान अचानक तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों इसकी चपेट में आ गए। बिजली गिरने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।

बेटे ने जब अपने माता-पिता को जमीन पर गिरा देखा तो उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज भेजा।

सांसद मनीष जायसवाल के प्रतिनिधि रंजन चौधरी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया और सरकारी मुआवजा जल्द दिलाने की बात कही।

दूसरी घटना में महिला की मौत, दो झुलसीं

दूसरी घटना बरकट्ठा प्रखंड के चेचकपी पंचायत के चौथा गांव की है। यहां भी आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

बताया गया कि बसवा देवी की वज्रपात की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रेणु देवी और रश्मि देवी भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गईं। दोनों का इलाज चल रहा है।

दोनों घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में शोक का माहौल है।

बारिश और वज्रपात को लेकर प्रशासन ने किया अलर्ट

लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए हजारीबाग जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने लोगों से कहा है कि बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें। ऐसी स्थिति में तुरंत किसी सुरक्षित और पक्के भवन में शरण लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close